24 News Update अजमेर। अजमेर सेंट्रल जेल में नशे की गोलियों की कथित सप्लाई और संदिग्ध पैसों के लेन-देन का मामला सामने आया है। जेल प्रशासन की जांच में जेल के एसटीडी से एक ही मोबाइल नंबर पर 1283 बार कॉल किए जाने का खुलासा हुआ। इसी नंबर से जुड़े बैंक खाते में करीब 49.80 लाख रुपए का लेन-देन सामने आया है।मामले में जेल प्रहरी महिपाल मंगलोदा की रिपोर्ट पर 19 अगस्त को सिविल लाइंस थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। इसमें करण सिंह, कमल, जयराम, शिवराज और धनराज को आरोपी बनाया गया है। ये सभी पहले अजमेर सेंट्रल जेल में बंद रहे हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। जेल में हत्या के दो मामलों में बंद भीकाराम ने 22 जुलाई 2025 को पीआईसीएस (जेल एसटीडी) के जरिए डीजी जेल को शिकायत भेजी थी। उसने आरोप लगाया था कि विचाराधीन बंदी करण सिंह और कमल सिंह ने उसके साथ मारपीट की और करीब 500 रुपए में नशे की गोली बेचने की बात कही। आरोप था कि इन पैसों को एक मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन ट्रांसफर कराया जाता था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। शिकायत के बाद जेल प्रशासन ने जांच शुरू की। एक दिन में 29 बार तक कॉलजांच में सामने आया कि जेल एसटीडी से एक मोबाइल नंबर पर कुल 1283 कॉल किए गए। कई दिनों में इस नंबर पर 3 से लेकर 29 बार तक कॉल किए जाने की बात सामने आई। यह नंबर श्रीनगर थाना क्षेत्र के कनाखेड़ी निवासी जयराम रावत के नाम बताया गया है। जांच के दौरान नंबर से जुड़े बैंक खाते का स्टेटमेंट खंगाला गया। 1 जनवरी 2024 से 20 अप्रैल 2026 के बीच खाते में करीब 49,79,967 रुपए क्रेडिट होने की जानकारी सामने आई, जबकि क्लोजिंग बैलेंस महज 13,358 रुपए था। जांच रिपोर्ट के अनुसार, जयराम रावत के चचेरे भाई शिवराज सिंह से भी पूछताछ हुई। उसने बताया कि वह कभी-कभी जेल में बंद कैदियों के लिए जरूरी सामान पहुंचाता था और इसके लिए बंदियों के परिजन ऑनलाइन रुपए भेजते थे। हालांकि जांच में सामने आया कि जयराम का मोबाइल नंबर तीन बैंक खातों से जुड़ा था और जेल में बंद कैदियों से इस नंबर के जरिए बड़े पैमाने पर पैसों का लेन-देन हुआ। जेल के एसटीडी-कैंटीन खाते की निर्धारित राशि की तुलना में करीब 50 लाख रुपए का लेन-देन सामने आने से जांच एजेंसियों के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं।जांच रिपोर्ट में जेल कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत की आशंका भी जताई गई है। जांच इस दिशा में भी होगी कि एक ही मोबाइल नंबर को जेल के एसटीडी से जोड़ने में किसकी भूमिका थी और इस व्यवस्था से किसी जेलकर्मी को कोई लाभ मिला या नहीं। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation चेरिटेबल ट्रस्ट ने सेनेटरी नैपकिन किए वितरित कटेवड़ी गांव में दूसरी बार दशां मां की प्रतिमा स्थापित, भक्ति में डूबा गांव