सोजत। पाली के सोजत में तीन घंटे तक एक गधे ने उत्पात मचाया। गुड़ा कलां गांव में आज सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक गधे की पूरे गांव में दहशत मची रही। लोगों ने मुश्किल से उस पर काबू किया और उसके मुंह को रस्सियों से बांधने के बाद ही वह शांत हुआ। सुबह 11 बजे गुड़ा कलां में रास्ते पर जा रही भंवरी देवी के पैर पर काट लिया। इस पर महिला हक्की बक्की रह गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। बड़ी मुश्किल से आस पास के लोगों ने शोर मचा कर भंवरी देवी को गधे के चंगुल से मुक्त करवाया। उस महिला के पैर में गहरा घाव हो गया। इसके बाद गधे ने रास्ते में जा रही एक बच्ची को मुंह से पकड़ कर उठा लिया और दौडऩे लगा। उसे देख कर पूरे गांव में हडक़ंप मच गया। लोग चिल्लाते हुए गधे के पीछे भागने लगे। जबड़े में दबी बच्ची रोती बिलखती रही। गांव के लोगों ने लाठी-डंडे के साथ गधे को गांव के रास्तों पर घेरने की कोशिश की मगर गधा रोके नहीं रूक रहा था। गधे का मालिक और साथी भी पीछे भागे। लोगों ने डंडों से गधे को पीटना शुरू किया। तब जाकर बच्ची को छोड़ा। इसके बाद गधे ने एक व्यक्ति के हाथ पर भी काटा। दोपहर करीब 2 बजे गधे के मालिक और साथियों ने उसको काबू में कर रस्सी से जकड़ लिया। उसका मुंह बांध दिया। तीनों घायलों को उपचार के बाद रेफर किया गया है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.