24 न्यूज अपडेट चूरू। पाकिस्तान के लाहौर की रहने वाली युवती मेहविश (33) चूरू के पिथिसर के रहमान (35) से शादी करने के बाद ससुराल देखने चूरू पहुंची। मेहविश 45 दिन का टूरिस्ट वीजा लेकर भारत आई है। शनिवार को पुलिस वेरिफिकेशन के बाद शाम को दुल्हन अपने ससुराल पहुंची। पाकिस्तानी दुल्हन के आते ही पूरे गांव की महिलाएं उसे देखने उमड़ पड़ी। महिलाओं ने नई बहू की मुंह दिखाई की। मेहविश ने देसी अंदाज में राजस्थानी खाना बनाकर सास-ससुर को खिलाया। पुलिस मेहविश की हर गतिविधि पर नजर रख रही है। विशेष टीम (डीएसटी) भी पहुंची और मेहविश के डॉक्यूमेंट और पाकिस्तान के आईडी कार्ड देखे। इधर बहू ने गर्म रोटियां बनाकर अपने सास-ससुर को खिलाई। सास ने राजस्थानी मतीरी, टिंडसी और ग्वार फली की सब्जी बनाना सिखाया। सुबह पांच बजे उठकर मेहविश ने नमाज अदा की और अपने ससुर के लिए चाय बनाई। मेहविश को उसके ससुराल बेइंतहा प्यार मिल रहा है। अब वह कुवैत में रह रहे रहमान का यहां आने का इंतजार कर रही है। मेहविश ने बताया- वह इस्लामाबाद में रहती है। जहां उसके भाई-बहन भी रहते हैं। उसका वहां ब्यूटी पार्लर है। उसके परिवार वाले खुद उसे बाघा बॉर्डर छोड़कर गए हैं। इधर आकर वह और परिवार के लोग खुश हैं। रहमान की पहली पत्नी फरीदा बानो (29) के द्वारा हनुमानगढ़ के भादरा में दहेज का मामला दर्ज करवाने के सवाल पर मेहविश ने कहा- इस्लाम धर्म में दो शादियां जायज हैं। फरीदा अगर प्यार मोहब्बत से यहां रहना चाहती है तो वह भी उसके साथ रह सकती है। उसका भी यहां रहने का हक है। मेहविश ने बताया- उसको भारतीय गाने और कॉमेडी पसंद है। उसे ससुराल में खूब प्यार दुलार मिला है। बाघा बॉर्डर पर और रतननगर पुलिस ने उसके पूरे दस्तावेजों की जांच की है। वह 45 दिन के वीजा पर यहां आई है।मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रहमान की मां जैतून बानो ने कहा- पाकिस्तान से आई उसकी बहू उसे काफी पसंद है। नमाज पढ़ने के बाद सास-ससुर को चाय पिलाई। पिछले दो साल से वह मेहविश से बात भी कर रही है। उन्होंने कहा- मेरे बेटे रहमान ने इसे पसंद किया है तो मैं बेटे के साथ हूं। उन्होंने बताया- रहमान की पहली पत्नी फरीदा की अपने पति के साथ बिल्कुल नहीं बनती थी। उसे समझाया भी था, लेकिन वह नहीं मानी। उसने 12 साल में कभी दहेज का मामला दर्ज नहीं करवाया तो अब क्यों करवा रही है। मेहविश के जासूस होने के सवाल पर उसने कहा कि यदि यह जासूस होती तो पुलिस-प्रशासन उसे यहां तक नहीं आने देता। उन्होंने कहा- मैं अपनी पाकिस्तानी बहू को भी बेटी की तरह प्यार दूंगी। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation परेशानी • तीन दिन से खेत में खुले में निवास कर रहा परिवारपापड़िया गांव में प्रशासन ने गिराया मकान परशुराम महादेव मेला 10 व 11 अगस्त से, जिला कलेक्टर ने आवश्यक व्यवस्थाओं के लिये दिये निर्देश