Site icon 24 News Update

यूट्यूब बना नकली नोटों का गुरू, पुलिस ने 1.39 लाख के जाली नोट बरामद किए

Advertisements

24 न्यूज अपडेट, बांसवाड़ा। बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने हाल ही में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.39 लाख रुपए के नकली नोटों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने यह अपराध करने की तकनीक यूट्यूब वीडियो देखकर सीखी थी। थानाधिकारी कपिल पाटीदार के अनुसार, आरोपी महेश कटारा के घर से नकली नोट बरामद किए गए। पुलिस की दबिश की भनक लगते ही महेश ने अपने प्रिंटर को खेत में गड्ढा खोदकर छिपा दिया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। महेश और उसके साथी सुनील खिहुरी ने मिलकर नकली नोट छापे और इन्हें स्थानीय बाजार में चलाने की योजना बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों ने बाजार से 12,500 रुपए में एक प्रिंटर खरीदा था और तीन लाख तक के नकली नोटों की छपाई की थी। जब खुद छापे गए नोटों की गुणवत्ता सही नहीं निकली, तो उन्होंने गुजरात सीमा से एक व्यक्ति से नकली नोटों की खरीद-फरोख्त की।
फिलहाल, आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और नकली नोटों के प्रसार से जुड़े लोगों की भी पहचान की जा रही है।

Exit mobile version