-खेरोदा निवासी मदनलाल बोकड़िया और बड़ाला बुक स्टोर के प्रवेश बड़ाला का योगदान
24 News Update उदयपुर। मुंबई निवासी समाजसेवी हुकमचंद जी जैन की ओर से प्रदान की गई ₹25 हजार की सहयोग राशि से खेरोदा निवासी मदनलाल जी बोकड़िया ने पंचायत क्षेत्र के धावड़िया (पं.स. भींडर) के सभी पांचों विद्यालयों—धावड़िया, रणिया, पचानपुरा, कमलामा और केरपुरा—के 415 जरूरतमंद विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित की। विद्यार्थियों को तीनों प्रकार की कॉपियां, पेन, पेंसिल, इरेज़र, शार्पनर और स्केल उपलब्ध कराए गए। इस सामग्री को खेरोदा के बड़ाला बुक स्टोर के मालिक प्रवेश बड़ाला ने अपने वाहन से सभी विद्यालयों तक बिना कोई भाड़ा लिए पहुंचाया और वितरण कार्य में भी पूरा सहयोग दिया।
इस अवसर पर शिक्षकगण चंपालाल सुथार, संजय प्रकाश, रवि कुमार, मुकेश कुमार, सुमेर सिंह सहित सभी पदस्थापित शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यालय प्रभारियों ने श्री बोकड़िया और श्री बड़ाला का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत कर आभार जताया। उल्लेखनीय है कि ये सभी विद्यालय जनजाति बहुल एवं आर्थिक रूप से पिछड़े क्षेत्र में स्थित हैं। सामग्री पाकर स्कूल के बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

