Site icon 24 News Update

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बर्तन धोने के ‘लिक्विड’ को शराब समझकर पिया, 4 की मौत

Advertisements

24 News Update भीलवाड़ा. भीलवाड़ा जिले में प्रशासन और आबकारी महकमे में हड़कंप भीलवाड़ा जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में एक शादी समारोह के बाद खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब काम खत्म कर लौटे चार श्रमिकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चारों ने बर्तन साफ करने वाले घातक रासायनिक तरल पदार्थ (लिक्विड) को शराब समझकर पी लिया। देर रात तबीयत बिगड़ने पर तीन ने गंगापुर अस्पताल में दम तोड़ा, जबकि एक महिला की भीलवाड़ा के महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई है और प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर है।
शादी का ठेका बना काल का ग्रास
जानकारी के अनुसार, रतन (पुत्र मसरिया कंजर), सुशीला देवी, जमनी देवी (पत्नी शंकर कंजर) और बदामी देवी ने तीन दिन पूर्व आलोली में एक शादी समारोह में बर्तन धोने का ठेका लिया था। काम पूरा होने के बाद वे वहां से बर्तन साफ करने वाला लिक्विड अपने साथ घर ले आए। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि नशे की ललक में उन्होंने इसे शराब समझकर सेवन कर लिया।
कलक्टर-एसपी पहुंचे मौके पर, एक्शन में पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक भारी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शवों को गंगापुर और भीलवाड़ा की मोर्चरी में रखवाया है। सामूहिक मौत की इस खबर से पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।पुलिस का मानना है कि प्रथम दृष्टया मामला बर्तन धोने के केमिकल को शराब समझकर पीने का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल दोषियों और अवैध एसिड विक्रेताओं पर कार्रवाई की जा रही है।
मृतकों की पहचान
रतन कंजर निवासी माधोपुर।
सुशीला देवी श्रमिक।
जमनी देवी पत्नी शंकर कंजर।
बदामी देवी उपचार के दौरान भीलवाड़ा में मौत।

Exit mobile version