24 News Update डूंगरपुर. जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में युवक से कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक गणेश घोघरा पीड़ित युवक और उसके परिजनों के साथ थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, शिशोद फला वागदरी निवासी नेपाल पुत्र पूजा गौड़ ने 18 मार्च को अपने भाई कालू गौड़ के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि महेंद्र होता नामक युवक उसे गुजरात के नडियाद मजदूरी के लिए ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। इसी मामले में पूछताछ के लिए पुलिस महेंद्र होता को थाने लेकर आई थी।
परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान पुलिस ने महेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना के विरोध में विधायक गणेश घोघरा समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हालांकि मामले में नया मोड़ तब आया जब 21 मार्च को लापता युवक कालू गौड़ सकुशल घर लौट आया। बताया जा रहा है कि वह किसी अन्य स्थान पर काम करने चला गया था। इसके बावजूद, थाने में मारपीट के आरोप को लेकर विवाद जारी है और मामला अब राजनीतिक रूप लेता नजर आ रहा है।
थाने में पिटाई के आरोप पर बवाल: विधायक गणेश घोघरा धरने पर, पुलिस पर कार्रवाई की मांग

Advertisements
