Site icon 24 News Update

धुलंडी पर उदयपुर में हंगामा-ऑटो सवार युवकों ने ट्रैफिक पुलिस से की धक्का-मुक्की, एक आरोपी डिटेन

Advertisements

उदयपुर। धुलंडी के दिन शहर के पारस चौराहे पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक कार द्वारा ऑटो को टक्कर मारने के बाद ऑटो सवार युवकों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है, जिसका वीडियो बुधवार को सामने आया है।

वीडियो में दो युवक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को कई बार धक्का दिया और रौब झाड़ते हुए हाथापाई की स्थिति तक पैदा कर दी। धक्का-मुक्की के दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ में लगा वायरलेस सेट भी टूट गया। पुलिसकर्मी उन्हें समझाकर शांत कराने का प्रयास करते रहे, लेकिन युवक लगातार आक्रामक बने रहे।

घटनाक्रम के दौरान पारस चौराहे पर ट्रैफिक जाम लग गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब 20 मिनट तक सड़क पर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।

मामले में ट्रैफिक हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार ने सूरजपोल थाने में तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी अनिल हरिजन निवासी रेलवे स्टेशन कच्ची बस्ती को डिटेन कर लिया है।

सूरजपोल थानाधिकारी रतन सिंह ने मीडिया को बताया कि ऑटो में सवार युवक नशे में थे। पारस चौराहे पर एक कार ने उनके ऑटो को मामूली टक्कर मार दी, जिसके बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इससे नाराज युवक चौराहे पर खड़े ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से उलझ गए और पूछने लगे कि कार चालक को क्यों नहीं रोका। देखते ही देखते वे गाली-गलौज पर उतर आए और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे।

Exit mobile version