Site icon 24 News Update

जहाजपुर उपजेल में नशे में हंगामा: जेलर ने प्रहरी से की मारपीट, पुलिस और डॉक्टरों से भी की बदतमीजी

Advertisements

24 News Update भीलवाड़ा. भीलवाड़ा ज़िले की जहाजपुर उपजेल में मंगलवार देर शाम एक बड़ा हंगामा हो गया। जेलर ओमप्रकाश लेगा (जाट) शराब के नशे में अर्धनग्न अवस्था में जेल परिसर पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात प्रहरी मोहनलाल से गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
प्रहरी मोहनलाल के अनुसार, शाम करीब 6 बजे वह ड्यूटी पूरी होने के बाद हाथ-मुंह धो रहा था, तभी जेलर ने अचानक धक्का-मुक्की शुरू कर दी और अपशब्द कहे। विरोध करने पर जेलर भड़क गए और डंबल उठाकर वार करने की कोशिश की। किसी तरह बाकी जेल स्टाफ ने बीच-बचाव कर मोहनलाल को वहां से बचाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन नशे में धुत जेलर ने पुलिसकर्मियों से भी उलझना शुरू कर दिया। पुलिस ने मुश्किल से स्थिति काबू में की और ओमप्रकाश लेगा को मेडिकल जांच के लिए जहाजपुर अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने के बाद भी जेलर का नशा और गुस्सा कम नहीं हुआ। वहां उन्होंने डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। करीब आधे घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

सूत्रों के अनुसार, स्थानीय प्रशासन ने घटना की रिपोर्ट जेल विभाग के उच्चाधिकारियों को भेज दी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जेलर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ओमप्रकाश लेगा पहले भी अनुशासनहीनता और स्टाफ से दुर्व्यवहार के मामलों में चर्चित रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मंगलवार की घटना के बाद जेल विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version