24 News Update उदयपुर। उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर लिया। दिल्ली में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और मोर्चा पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने नई जिम्मेदारी संभाली। राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण संगठनात्मक दायित्व मिलने के बाद रावत ने जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और देशभर में मोर्चे के संगठन को मजबूत करने को अपनी प्राथमिकता बताया।

समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव, केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा के राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, सांसद नागेंद्र जी, मुकेश भाई राठवा और कार्यालय प्रभारी प्रदीप कनोजिया सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

‘जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने का प्रयास’

नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में तेजी से बदलाव हो रहा है और जनजातीय समाज भी विकास की मुख्यधारा में मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ देश की विरासत, संस्कृति और जनजातीय परंपराओं के संरक्षण पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है।

रावत ने कहा कि जनजातीय समाज तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के लिए सरकार ‘सैचुरेशन’ के दृष्टिकोण से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा से जुड़े कार्यक्रम और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की पूर्ण और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।

‘जनजातीय समाज को मिला महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व’

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के लोगों को देश की मुख्यधारा में लाने के लिए व्यापक प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश के राष्ट्रपति, पांच केंद्रीय मंत्री तथा कई राज्यों में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के पदों पर जनजातीय समाज के लोग जिम्मेदारी निभा रहे हैं और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे रहे हैं।

ओराम ने कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के विकास और सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के संकल्प में जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

आवास, बिजली और पानी पर विशेष जोर

केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव के नेतृत्व में अनुसूचित जनजाति मोर्चे को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।

उइके ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनजातीय समाज के विकास को प्राथमिकता दी है। जनजातीय क्षेत्रों में आवास, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

हर जनजातीय बूथ तक संगठन की पहुंच मजबूत करने पर जोर

भाजपा के राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश ने अनुसूचित जनजाति मोर्चे को पार्टी के महत्वपूर्ण मोर्चों में से एक बताते हुए कहा कि संगठन और सरकार की नीतियों को जनजातीय समाज तक पहुंचाने में मोर्चे की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक जनजातीय बूथ तक संगठन की पहुंच को और मजबूत करना होगा। विशेष रूप से उन बूथों पर संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने की आवश्यकता है, जहां अनुसूचित जनजाति मतदाताओं की संख्या अधिक है।

सतीश ने सिकल सेल एनीमिया को जनजातीय समाज के सामने मौजूद गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताते हुए इसकी समय रहते पहचान, निगरानी और रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

‘विकास भी, विरासत भी और सेवा भी’

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकास भी, विरासत भी और सेवा भी’ के मंत्र के साथ जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संगठन और सरकार का लक्ष्य जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

रावत बोले—पूरी निष्ठा से निभाएंगे जिम्मेदारी

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. मन्नालाल रावत ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और समारोह में मौजूद सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।
रावत ने देशभर में अनुसूचित जनजाति मोर्चे को और मजबूत करने तथा जनजातीय समाज के बीच संगठन की पहुंच को व्यापक बनाने के लिए निरंतर काम करने का संकल्प जताया।
समारोह के अंत में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने पूर्व पदाधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन मोर्चा के महामंत्री काली राम मांझी ने किया।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading