उदयपुर, 19 सितंबर। उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में शिव मंदिर में शिवलिंग क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है। इन्द्रा नगर बीड़ा इलाके में गुरुवार रात सामने आई घटना के विरोध में शनिवार को देहलीगेट और आसपास के बाजार में दुकानदारों ने सर्वसमाज के आह्वान पर स्वैच्छिक रूप से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। घटना के बाद से ही विभिन्न सामाजिक और हिंदू संगठनों में नाराजगी है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ उसके मकान पर बुलडोजर चलाने और क्षतिग्रस्त मंदिर का दोबारा निर्माण कराने की मांग उठाई है।

घटना के बाद गुरुवार रात बड़ी संख्या में लोग मंदिर के आसपास एकत्र हो गए थे। लोगों की सूचना पर सूरजपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए लोगों से समझाइश की। इसके बाद घटना को लेकर आक्रोशित हिंदू कार्यकर्ता सूरजपोल थाने के बाहर भी पहुंचे और विरोध जताया। लोगों ने धार्मिक स्थल पर हुई घटना को गंभीर बताते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपोल थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। शुक्रवार देर रात तक पुलिस ने 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगाला। फुटेज और अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की और उसे डिटेन कर लिया। उसक नाम फिरोज है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर घटना में उसकी भूमिका, घटनास्थल तक पहुंचने और वारदात के पीछे की परिस्थितियों को लेकर जानकारी जुटा रही है।

पुलिस की जांच का फोकस घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज के साथ आरोपी की गतिविधियों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों पर है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में उसके अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

देहलीगेट पर बाजार बंद, चौराहे पर जुटे लोग

घटना के विरोध में शनिवार को सर्वसमाज की ओर से बाजार बंद का आह्वान किया गया। इसके बाद देहलीगेट चौराहे और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान स्वैच्छिक रूप से बंद रखे। बाजार बंद रहने के दौरान लोग देहलीगेट चौराहे पर एकत्र हुए और घटना के विरोध में नारेबाजी की।

बाजार बंद और लोगों के एकत्र होने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मौके की स्थिति पर नजर रखी और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इस दौरान बीजेपी समेत विभिन्न समाजों से जुड़े लोग भी चौराहे पर मौजूद रहे।

आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग

प्रदर्शन के दौरान लोगों में घटना को लेकर खासा आक्रोश दिखाई दिया। बीजेपी नेता सन्नी पोखरना ने कहा कि धार्मिक स्थल को इस तरह आसानी से निशाना बनाया जाना गंभीर मामला है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग रखी।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को गंभीरता से काम करना चाहिए। लोगों ने शहर के मंदिरों में CCTV कैमरों की व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि मंदिरों के अंदर और बाहर निगरानी व्यवस्था होने से ऐसी घटनाओं की पहचान और जांच में मदद मिलेगी।

मंदिर के पुनर्निर्माण की भी मांग

आक्रोशित लोगों ने क्षतिग्रस्त शिव मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग भी प्रशासन के सामने रखी है। लोगों का कहना है कि घटना के बाद धार्मिक स्थल की मरम्मत और सुरक्षा को लेकर प्रशासन को तत्काल कदम उठाने चाहिए। इसके साथ ही भविष्य में धार्मिक स्थलों पर ऐसी घटनाएं नहीं हों, इसके लिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने की मांग की गई है।

पुलिस जांच के बीच बढ़ी निगरानी

फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को डिटेन कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। हालांकि घटना की पूरी तस्वीर पूछताछ और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस इलाके में निगरानी बनाए हुए है, जबकि प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

शिवलिंग क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के बाद शुरू हुआ विरोध अब बाजार बंद और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तक पहुंच गया है। ऐसे में पुलिस की अगली कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष पर सभी की नजर बनी हुई है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading