24 News Update उदयपुर। उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र में शुक्रवार रात हथियारबंद बदमाशों ने दो युवकों पर घात लगाकर हमला कर दिया। तलवार और अन्य धारदार हथियारों से किए गए इस हमले में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आए एक किराना दुकानदार को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
घटना झाड़ोल क्षेत्र के बाघपुरा थाना इलाके के सैलाना गांव के पास शुक्रवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम के अनुसार रिछावर निवासी सुरेश (25) पुत्र अमृत अहारी और भैरूलाल (27) पुत्र प्रभुलाल बड़गोजा बाइक से सैलाना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में करीब आधा दर्जन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश तलवार और अन्य हथियारों से लैस थे। उन्होंने दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की गंभीरता इतनी अधिक थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
इसी दौरान पास में ही किराना दुकान चलाने वाले सुमित (30) पुत्र रूपजी को शोर सुनाई दिया तो वह बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंच गया। लेकिन बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों की हलचल देखकर बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने घायल दुकानदार को एंबुलेंस की मदद से झाड़ोल उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर बाघपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों शवों को झाड़ोल मोर्चरी में रखवाया और ग्रामीणों की मदद से मृतकों की पहचान की। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इस वारदात को पुरानी रंजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
झाड़ोल में दो युवकों की तलवारों से हत्या, बीच-बचाव करने आया दुकानदार भी गंभीर घायल

Advertisements
