24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। बाघपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हाईवे पेट्रोलिंग टीम पर बदमाशों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बरी गांव स्थित रणघाटी इलाके में रात करीब 11 बजे की है, जहां तलवार और चाकू से किए गए हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
लूटपाट की सूचना पर मौके पर पहुंची थी पुलिस
हेड कॉन्स्टेबल गिरधारी लाल के अनुसार, पालियाखेड़ा की ओर जा रहे कैलाश मीणा अपनी बहन के साथ रणघाटी से गुजर रहे थे। पुलिया के पास तीन बदमाशों ने दो बाइक सड़क पर आड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया और लूट की नीयत से उन पर हमला करने की कोशिश की। सतर्कता दिखाते हुए कैलाश मौके से बाइक घुमाकर भाग निकले और पास के एक मकान में शरण लेकर अपनी जान बचाई।
पुलिस टीम पर तलवार-चाकू से हमला
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। तलवार और चाकुओं से किए गए इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने हिम्मत दिखाते हुए अंधेरे और जंगल के कच्चे रास्तों में छिपकर रणनीति बनाई और मौका मिलते ही दो बदमाशों को दबोच लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नारायण पुत्र बाबू डामोर और मोहन पुत्र होमा डामोर, निवासी पालावाड़ा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से तलवार और चाकू बरामद किए गए हैं।
जानलेवा हमला और राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज
हेड कॉन्स्टेबल गिरधारी लाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने बाघपुरा थाने में आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला और राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और पूरे क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी बढ़ा दी है।

