Site icon 24 News Update

अवैध एमडीएमए पिल्स के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, स्विफ्ट कार जब्त

Advertisements

उदयपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रतापनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए पिल्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18.23 ग्राम एमडीएमए पिल्स बरामद कर परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार नशाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण एवं उन्मूलन के लिए अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जिले के सभी थानाधिकारियों को अधिक से अधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इन्हीं निर्देशों की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश औझा तथा वृताधिकारी नगर पूर्व सूर्यवीर सिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में रविवार 8 मार्च 2026 को पुलिस थाना प्रतापनगर के थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित मय जाब्ता थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।

गश्त के दौरान ढिकली रोड स्थित मानगढ़ होटल के पास एक संदिग्ध स्विफ्ट कार (नंबर RJ 27 CN 3712) को रुकवाकर जांच की गई। कार में सवार दो युवकों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए पिल्स की गोलियां कुल वजन 18.23 ग्राम बरामद हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों लविश गोस्वामी (23) निवासी 16 बागर गली, हाथीपोल थाना घंटाघर तथा अनस शेख (26) निवासी मकान नंबर 82 रज्जा कॉलोनी, मल्लातलाई थाना अम्बामाता को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने इस संबंध में प्रकरण संख्या 149/2026 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

  1. श्री पूरण सिंह राजपुरोहित पु.नि. थानाधिकारी मय जाब्ता
  2. श्री विक्रम सिह सउनि डीएसटी प्रभारी मय जाब्ता
  3. श्री प्रेम कुमार सउनि प्रतापनगर
  4. श्री कमलेश कुमार कानि
  5. श्री सुरेन्द्र सिह कानि
  6. श्री सोहन शर्मा कानि
  7. श्री विशाल चन्द कानि
  8. श्री सुरेन्द्र सिह चालक
Exit mobile version