24 News Update उदयपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत पुलिस थाना अम्बामाता और डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 489 ग्राम एमडीएमए (MDMA) जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एप्पल कंपनी का मोबाइल भी जांच के लिए जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर के निर्देश पर थानाधिकारी अम्बामाता और डीएसटी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांधी नगर, गली नंबर 2 स्थित एक मकान पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मकान से 489 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद किया गया। मौके से फरहान (25) पुत्र अयाज मोहम्मद अंसारी, निवासी गांधी नगर गली नंबर 2, थाना अम्बामाता, उदयपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ प्रतापगढ़ जिले के अखेपुर निवासी फजल खान से खरीदकर उदयपुर शहर के विभिन्न स्थानों पर बेचता था। पुलिस अब सप्लाई चैन और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसकी जांच की जा रही है ताकि मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी फरहान के खिलाफ पहले भी हैदराबाद पुलिस में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है, जिसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
489 ग्राम एमडीएमए के साथ युवक गिरफ्तार, एप्पल फोन भी जब्त

Advertisements
