Site icon 24 News Update

भीलवाड़ा में दर्दनाक हादसा: बरसाती नाले में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम

Advertisements

24 News Update भीलवाड़ा। जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र के खरेड़ गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना में दो चचेरे भाइयों की बरसाती नाले में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय सांवर पुत्र रामलाल भील और 12 वर्षीय शैतान पुत्र शंकरलाल भील के रूप में हुई है। दोनों स्कूली छात्र रविवार को अवकाश के चलते बकरियां चराने जंगल गए थे, जहां बरसात के बाद उफनते नाले में बहने से उनकी जान चली गई।

जंगल में बकरियां चराने गए थे दोनों मासूम
घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की है, जब दोनों बालक खरेड़ गांव के पास जंगल में बकरियां चरा रहे थे। अचानक बरसाती पानी से भरे खाल (नाले) में पैर फिसलने से दोनों बच्चे उसमें बह गए। जब काफी देर तक वे नहीं लौटे, तो परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की और कुछ देर बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला गया।

108 एंबुलेंस से पहुंचे अस्पताल, डॉक्टर ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलने पर सवाईपुर 108 एंबुलेंस के माध्यम से दोनों बच्चों को कोटड़ी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना पर बड़लियास थाना और सवाईपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। बड़ला प्रशासक शिवराज जाट ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण दोनों छात्र बकरियां चराने गए थे, लेकिन दुर्भाग्यवश खाल के तेज बहाव में बह गए।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव सुपुर्द किए जाएंगे
कोटड़ी चिकित्सालय में दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। इसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।

Exit mobile version