24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। डबोक थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने एक घर के आंगन से स्प्लेंडर बाइक चोरी कर ली। हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरों ने पहचान छुपाने के लिए घर में रखे स्टील के लोटे से सीसीटीवी कैमरे को ढक दिया, लेकिन दूसरे कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई।
घटना रेलवे गेट के पास स्थित सीमेंट फैक्ट्री के समीप की है, जहां देवेन्द्र चौधरी के मकान से यह चोरी हुई।
देवेन्द्र ने बताया कि उनके घर के बाहर परिवार की कुल 5 दोपहिया वाहन खड़ी थीं, जिनमें स्कूटी, बुलेट, शाइन सहित उनकी स्प्लेंडर बाइक शामिल थी। चोरों ने सिर्फ स्प्लेंडर को निशाना बनाया। यह घटना रात करीब 2 बजे की है। देवेन्द्र के अनुसार वे केम्पर सप्लाई बिजनेस करते हैं, इसलिए आंगन में बर्तन आदि रखे रहते हैं। चोरों ने वहीं रखे लोटे से एक कैमरे को ढका, जबकि दूसरे कैमरे में दो बदमाशों की बाइक ले जाते हुए फुटेज रिकॉर्ड हो गया। सुबह बाइक गायब मिली तो देवेन्द्र ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाला और डबोक थाने में चोरी की एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने फुटेज पुलिस को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है। देवेन्द्र ने कहा कि क्षेत्र में चोरियों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस को चाहिए कि रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाए ताकि चोरों में खौफ कायम हो।
डबोक में चोरों ने स्प्लेंडर बाइक उड़ाई, सीसीटीवी कैमरे को ढकने के लिए लोटे का इस्तेमाल

Advertisements
