24 News Update उदयपुर। जिले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात चोरों ने फिल्मी अंदाज में दो भाइयों के घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान दोनों परिवार घर के अंदर सो रहे थे, जबकि बदमाशों ने सभी कमरों के दरवाजों की बाहर से कुंदी लगाकर उन्हें अंदर ही बंद कर दिया। इसके बाद आराम से दोनों मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना में करीब 37 लाख रुपये से अधिक का माल चोरी होने का अनुमान है।
यह वारदात खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर में हुई। बुधवार सुबह घटना का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर खेरवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका-मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुबह खुला राज, बाहर से बंद थे कमरे
पीड़ित परिवार के बड़े भाई एवं सेवानिवृत्त शिक्षक दीतालाल पटेल ने बताया कि रात को सभी लोग अपने-अपने कमरों में सोए हुए थे। बुधवार सुबह करीब चार बजे जब उनकी आंख खुली और उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो बाहर से कुंदी लगी हुई थी। इससे उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने पड़ोसियों को फोन कर बुलाया, जिन्होंने बाहर से कुंदी खोलकर उन्हें बाहर निकाला। बाहर आने पर दोनों घरों के कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों के लॉकर खुले हुए थे और उनमें रखे जेवरात तथा नकदी गायब थी।

छोटे भाई के घर से 36 लाख के जेवर, एक लाख नकद चोरी
चोरों ने सबसे अधिक नुकसान छोटे भाई हीरालाल पटेल के घर में किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यहां से करीब 36 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और एक लाख रुपये नकद चोरी हो गए। परिजनों के अनुसार चोर करीब 20 तोला सोना, लगभग दो किलोग्राम चांदी तथा नकदी लेकर फरार हुए हैं। दीतालाल पटेल ने बताया कि हीरालाल पटेल करीब एक सप्ताह पहले ही रोजगार के लिए कुवैत गए हैं। वारदात के समय घर में उनकी पत्नी और बेटा सो रहे थे, जिन्हें भी बाहर से कुंदी लगाकर कमरे में बंद कर दिया गया था। चोरों ने बड़े भाई बंशीलाल पटेल के घर को भी निशाना बनाया। यहां से करीब 600 ग्राम चांदी के जेवरात, जिनकी कीमत लगभग 1.10 लाख रुपये बताई जा रही है, चोरी कर लिए गए।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सेवानिवृत्त शिक्षक दीतालाल पटेल ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में प्रभावी पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि प्रथम दृष्टया चोरों ने रात करीब एक से तीन बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। यदि रात में नियमित पुलिस गश्त होती तो इतनी बड़ी चोरी रोकी जा सकती थी।
उन्होंने यह भी बताया कि उनके घर तथा आसपास के रास्तों पर कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, जिससे चोरों की पहचान करना और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। दोनों पीड़ितों हीरालाल पटेल और बंशीलाल पटेल की ओर से खेरवाड़ा थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी एकत्र करना शुरू कर दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading