Site icon 24 News Update

शाश्वत धाम जैन मंदिर में चोरी, 30 ग्राम स्वर्ण छत्र ले गए नकाबपोश

Advertisements

24 News update उदयपुर। उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र स्थित शाश्वत धाम में स्थित श्री सीमंधर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ की वारदात सामने आई है। देर रात दो नकाबपोश बदमाश मंदिर परिसर में घुसे और मानस्तम्भ पर विराजमान प्रतिमा से करीब 30 ग्राम वजन का स्वर्ण छत्र चोरी कर फरार हो गए। घटना को लेकर जैन समाज में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

मामले में शाश्वत धाम ट्रस्ट से जुड़े डॉ. जिनेंद्र शास्त्री एवं प्रबंधक राकेश जैन की ओर से डबोक थाने में रिपोर्ट दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण संख्या 121/26 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट के अनुसार घटना 9 मई 2026 की रात करीब 1:30 बजे से 3 बजे के बीच तुलसीदास की सराय स्थित शाश्वत धाम परिसर में हुई। बदमाशों ने मंदिर के मुख्य द्वार को जबरन खोलने का प्रयास किया, जिससे दरवाजे की सांकल टूट गई। वहीं खिड़की की चिटकनी भी क्षतिग्रस्त मिली। घटना के दौरान मंदिर संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।
आरोपियों ने मंदिर प्रांगण में स्थित मानस्तम्भ पर स्थापित चार प्रतिमाओं में से एक प्रतिमा पर लगा स्वर्ण छत्र चोरी कर लिया। शिकायत में कहा गया है कि यह केवल आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि जैन समाज की धार्मिक आस्था और श्रद्धा पर भी आघात है।
मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों संदिग्ध नकाबपोश कैद हुए हैं। जांच के लिए संबंधित फुटेज पुलिस को उपलब्ध करवाई गई है। पुलिस अधिकारियों और टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साधनों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी मंदिर परिसर में दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका पुलिस खुलासा कर चुकी है। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ने और समाज में भय एवं असुरक्षा का वातावरण बनने की बात भी कही गई है।
जैन समाज ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी हुए स्वर्ण छत्र की बरामदगी तथा क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

मावली सहायक पुलिस अधीक्षक आशिमा वासवानी, थानाधिकारी गोपालनाथ, सहायक उप निरीक्षक गणपत नाथ मौजूद थे। एमओपी टीम ने फिंगर प्रिंट आदि भी लिए।

Exit mobile version