Site icon 24 News Update

घंटाघर स्थित प्राचीन शीतलनाथजी मंदिर के पास बने मूत्रालय को हटाने की मांग, ट्रस्ट ने संभागीय आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

Advertisements

24 News Update उदयपुर। शहर के घंटाघर क्षेत्र में स्थित प्राचीन श्री शीतलनाथजी मंदिर के समीप बने सार्वजनिक मूत्रालय को हटाने की मांग तेज हो गई है। मंदिर ट्रस्ट ने इस संबंध में संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ट्रस्ट द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि यह जैन मंदिर शहर की स्थापना काल से अस्तित्व में है और धार्मिक, ऐतिहासिक तथा आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां प्रतिदिन जैन समाज के श्रद्धालुओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक भी दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि मंदिर की दीवार से सटे मुख्य मार्ग पर बने सार्वजनिक मूत्रालय से लगातार दुर्गंध फैल रही है, जिससे मंदिर परिसर का वातावरण प्रभावित हो रहा है। ट्रस्ट का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं तथा मंदिर की पवित्रता और मर्यादा भी प्रभावित हो रही है।
ट्रस्ट पदाधिकारी हर्ष कुमार मेहता ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त मूत्रालय को शीघ्र किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि मंदिर परिसर की गरिमा बनी रहे।
मामले को लेकर जैन समाज में भी नाराजगी देखी जा रही है। ट्रस्ट ने प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ इस विषय पर त्वरित निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है।

Exit mobile version