24 News Update उदयपुर। उदयपुर में चंद्रग्रहण के बाद गुरुवार को जगदीश मंदिर में परंपरागत उल्लास के साथ ठाकुरजी के संग होली खेली गई। मंदिर परिसर में सुबह से ही फाग और रसिया गीतों की मधुर धुनें गूंजती रहीं, जिनकी लय पर श्रद्धालु भक्ति और रंगों में सराबोर होकर झूमते दिखाई दिए।सुबह करीब दस बजे से ही भक्त मंदिर पहुंचने लगे थे। ठाकुरजी को गुलाल अर्पित करने और उनके साथ होली खेलने की श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता रही। मंदिर की सीढ़ियों से लेकर मुख्य द्वार तक लंबी कतारें देखी गईं, जहां श्रद्धालु धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते रहे।आपको बता दें कि 3 मार्च को चंद्रग्रहण के कारण मंदिर में पारंपरिक होली का आयोजन नहीं हो पाया था और ग्रहण के चलते दोपहर बाद मंदिर के पट भी बंद कर दिए गए थे। इसी वजह से अगले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और ठाकुरजी के संग रंगोत्सव में शामिल होकर अपनी आस्था प्रकट की।मंदिर के भीतर का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। चंग की थाप पर गाए जा रहे फाग गीतों के बीच बुजुर्ग, युवा और महिलाएं सभी भक्ति भाव में डूबकर नृत्य करते नजर आए। जयकारों और गुलाल की रंगत से पूरा परिसर उत्सवमय माहौल में बदल गया। अनूठी होली का आनंद लेने के लिए शहर घूमने आए विदेशी पर्यटक भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने भी श्रद्धालुओं के साथ गुलाल उड़ाते हुए मेवाड़ी संस्कृति की झलक का अनुभव किया और इन यादगार पलों को अपने कैमरों में कैद किया।उत्सव की शुरुआत भगवान के पंचामृत स्नान और विशेष श्रृंगार के साथ हुई, जिसके बाद फाग गायन का क्रम शुरू हुआ। वैष्णव परंपरा के अनुसार अब रंग पंचमी तक डोल उत्सव के अंतर्गत शहर के कृष्ण मंदिरों में इसी तरह होली के आयोजन होते रहेंगे और ठाकुरजी के साथ रंग-गुलाल की धूम जारी रहेगी। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation सेज यूनिवर्सिटी ने किया शिक्षक सम्मान समारोहः उदयपुर में शिक्षकों को सम्मानित, शिक्षा के महत्व पर हुई चर्चा जनमत मंच का होली मिलन