24 News Update सागवाड़ा (जयदीप जोशी)। नगर के महिपाल खेल मैदान में 28 दिसंबर से सात दिवसीय शिव कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा के एक दिन पूर्व, 27 दिसंबर शनिवार को नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
शिव कथा को 27 दिसंबर को नगर के बासवाड़ा मार्ग पर स्थित मंगलेश्वर महादेव मंदिर से करीब 1100 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर नगर के विभिन्न मार्गों से भव्य कलश यात्रा निकालेंगी, जो कथा स्थल महिपाल खेल मैदान पहुंचेगी। कथा आयोजन को लेकर महिपाल विद्यालय खेल मैदान में साध्वी चिन्मया भारती सहित शिव भक्तों की उपस्थिति में आयोजित प्रेसवार्ता में साध्वी चिन्मया भारती ने बताया कि शिव कथा आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी गरिमा भारती द्वारा पढ़ाई जाएगी। कथा प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों, उनके चरित्र, तप, त्याग और करुणा के साथ-साथ सामाजिक और आध्यात्मिक संदेशों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। कथा का समापन 4 जनवरी को विशाल भंडारे के साथ होगा। आयोजन की सभी तैयारियां दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन करीब छह हजार श्रद्धालुओं के कथा श्रवण के लिए पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते विशाल टेंट, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। साध्वी चिन्मया भारती ने बताया कि दिव्य ज्योति जागृति संस्थान देशभर में आध्यात्मिक जागरण के साथ-साथ सामाजिक सेवा के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संस्था द्वारा महिला सशक्तिकरण, गरीब बच्चों की शिक्षा, दृष्टिहीनों की सेवा तथा देश की विभिन्न जेलों में सामाजिक परिवर्तन से जुड़े कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं। यह शिव कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम होगी। कथा के माध्यम से भगवान शिव के जीवन दर्शन के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया जाएगा। इस अवसर पर साध्वी कनकेश्वरी भारती, रीना पंवार और रचना चौबीसी भी उपस्थित रहीं।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.