24 News Update उदयपुर। उदयपुर शहर के हाथीपोल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 दिन से लापता 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने नियमानुसार मेडिकल कराने के बाद बालिका को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश किया, जहां से उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार नाबालिग 18 तारीख को बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों द्वारा लगातार तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 21 तारीख को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। रिपोर्ट दर्ज होते ही हाथीपोल थाना पुलिस ने विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। इसी क्रम में जानकारी मिली कि बालिका मावली क्षेत्र में काम कर रही है, जहां वह पूर्व में भी रह चुकी थी। इस पर 26 तारीख को बालिका स्वयं वापस उदयपुर लौट आई। पुलिस के समक्ष दिए बयान में बालिका ने बताया कि वह कमठाणे में काम करने अपनी मर्जी से मावली चली गई थी।
छत्तीसगढ़ मूल के कई परिवार, उदयपुर में कर रहे हैं काम
परिजनों के अनुसार कई परिवार जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ के हैं पिछले तीन वर्षों से अलग-अलग स्थानों पर ठेकेदारों के अधीन निर्माण कार्य करते हुए उदयपुर में रह रहा है। वर्तमान में यह इस परिवार मधुबन क्षेत्र में बन रहे एक कॉम्प्लेक्स में कार्यरत है। यहीं से बच्ची दूसरे कमठाणे में काम करने बिना बताए चली गई थी जो अब सकुशल लौट आई है।
मेडिकल के बाद CWC के समक्ष पेश
पुलिस ने बालिका का मेडिकल परीक्षण करवाया और उसे चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष पेश किया। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पूरे मामले में थानाधिकारी श्रीमती राजू देवी राज के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास किए। टीम में उप निरीक्षक लोकेश कुमार नागदा ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर बालिका का पता लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा तथा उप अधीक्षक राजेश यादव के निर्देशन में संपन्न हुई।

