24 News Update उदयपुर। शहर के हाथीपोल थाना क्षेत्र में लापता हुए एक नाबालिग को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद जहां परिवार में चिंता का माहौल था, वहीं पुलिस की सक्रियता से मामले का शीघ्र समाधान हो सका। पुलिस के अनुसार बनादिया उद्देश्वर रोड निवासी गणेश लाल गमेती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 17 वर्षीय पुत्र 18 अप्रैल सुबह करीब 10 बजे चेतक सर्कल स्थित गुरु गोविंद सिंह स्कूल के बाहर बस से उतरने के बाद नाश्ता करने के लिए मोहता पार्क की ओर गया, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद जब देर शाम तक कोई सुराग नहीं लगा, तो हाथीपोल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच थानाधिकारी श्रीमती राजु देवी राज के निर्देशन में हेड कांस्टेबल रामखिलाड़ी को सौंपी। जांच के दौरान सामने आया कि नाबालिग हाथीपोल क्षेत्र में उसी दौरान एक बैंड वाले के साथ चला गया, जिसकी बुकिंग अजमेर में थी। उसके पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण परिवार से संपर्क नहीं हो सका। पुलिस टीम ने लगातार तलाश अभियान चलाते हुए नाबालिग का पता लगाया और सुरक्षित उदयपुर लाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चे को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।
हाथीपोल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लापता नाबालिग बच्चे को सुरक्षित परिजनों से मिलाया

Advertisements
