24 News update डूंगरपुर। जिन अस्पतालों पर जिंदगी बचाने की जिम्मेदारी होती है, वहीं अगर एक्सपायरी दवाइयां मरीजों की नसों में उतरने लगें तो सवाल सिर्फ लापरवाही का नहीं, पूरे सिस्टम की संवेदनहीनता का बन जाता है। डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज के श्रीहरिदेव जोशी जिला अस्पताल में ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां महिला सर्जिकल वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज को दो महीने पुरानी एक्सपायरी डेट की ड्रिप चढ़ा दी गई।मामला तब खुला जब महिला के पति और नगर परिषद के निवर्तमान पार्षद नरेश यादव सुबह अस्पताल पहुंचे। पत्नी अपेक्षा यादव को चढ़ रही ड्रिप पर नजर पड़ते ही वे सन्न रह गए। ड्रिप पर मार्च 2026 की एक्सपायरी डेट दर्ज थी, जबकि मरीज को वह मई के अंतिम सप्ताह में चढ़ाई जा रही थी। यानी अस्पताल के स्टॉक से सीधे एक्सपायर हो चुकी दवा मरीज तक पहुंच गई।जानकारी के अनुसार राजपुर निवासी अपेक्षा यादव को पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद 27 मई को अस्पताल लाया गया था। जांच में डॉक्टरों ने अपेंडिक्स की समस्या बताते हुए ऑपरेशन की तैयारी के लिए महिला सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर लिया। परिवार रातभर अस्पताल में मौजूद रहा, जबकि पति देर रात छोटी बच्ची के घर पर अकेले होने के कारण कुछ समय के लिए घर चले गए थे।शुक्रवार सुबह जब नरेश यादव वापस अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पत्नी को सोडियम क्लोराइड ग्लूकोज की ड्रिप चढ़ाई जा रही है। ड्रिप पर लिखी एक्सपायरी डेट देखते ही उन्होंने तुरंत नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल प्रशासन से शिकायत की। आरोप है कि शिकायत के बाद स्टाफ ने आनन-फानन में ड्रिप हटाने की कोशिश शुरू कर दी।घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। उप अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच कमेटी गठित करने की बात कही है। उनका कहना है कि मरीज की स्वास्थ्य जांच करवाई गई है और फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि एक्सपायरी ड्रिप स्टॉक में कैसे बनी रही और किस स्तर पर लापरवाही हुई।अस्पताल प्रशासन अब एक्सपायरी डेट वाले मेडिकल स्टॉक की भी जांच करवा रहा है। वहीं पीड़ित परिवार ने साफ कहा है कि यदि महिला की तबीयत पर किसी तरह का प्रतिकूल असर पड़ता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी अस्पताल प्रबंधन की होगी।यह घटना एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। आखिर मरीजों की जान बचाने वाले वार्डों में एक्सपायरी दवाएं पहुंच कैसे रही हैं? और सबसे बड़ा सवाल—अगर एक पार्षद की पत्नी के साथ यह हो सकता है, तो आम मरीज कितने सुरक्षित हैं? Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े कल डूंगरपुर में, प्रशासन अलर्ट मोड पर बारात निकलती उससे पहले पहुंच गई पुलिस, डूंगरपुर में नाबालिग दूल्हे का बाल विवाह रुकवाया