24 News Update सलूम्बर। खेलों के प्रति जिले में बढ़ते उत्साह के बीच 69वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय छात्र–छात्रा वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ वरदान स्कूल चावंड में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सलूम्बर विधायक शांता अमृतलाल मीणा उपस्थित रहे, जबकि सीबीईओ नीरज भास्कर ने अध्यक्षता की।
प्रतियोगिता में छात्र वर्ग की 21 और छात्रा वर्ग की 7 टीमों सहित कुल 31 टीमों ने भाग लिया। करीब 400 खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और ऊर्जा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता का समापन 17 सितंबर को होगा।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज चौबीसा, हजारीलाल मीणा, दिलीप पंचाल, देवी लाल पटेल, विजय जोशी, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गणेश देवड़ा, भगवान लाल पटेल, मुख्य निर्णायक मनीष चौबीसा, रोशन चौबीसा, खेमराज प्रजापत, जहीर मोहम्मद, महेश चौबीसा, अशोक पटेल, सुरेश मेघवाल, गोविन्द पटेल और भगवान लाल प्रजापत सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
स्थानीय विद्यालयों के निदेशक किरतेश जैन, चम्पालाल व्यास, समन्वयक दिनेश भट्ट, प्राचार्य अनिल व्यास एवं समस्त स्टाफ ने आयोजन में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। मुख्य निर्णायक मनीष चौबीसा ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
जिले में इन दिनों खेलकूद प्रतियोगिताओं का उत्सव सा माहौल है। छात्र–छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा दिखाकर नए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहे हैं। यह आयोजन न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित कर रहा है, बल्कि बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी एक महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।

