24 News Update चित्तौड़गढ़। सांवरिया सेठ के दर्शन कर घर लौट रहे एक परिवार की कार रविवार दोपहर बेकाबू होकर नेशनल हाईवे-148 की पुलिया से नीचे गिर गई। दर्दनाक हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसे के दौरान परिजनों की गोद में बैठा एक मासूम चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया।
यह दुर्घटना गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए विजयनगर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बाद में जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार परिवार के सात सदस्य सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन के लिए गए थे और रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे लांबाहरिसिंह लौट रहे थे। इसी दौरान विजयनगर के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी।
हादसे में कार चालक नौरत और इंदिरा नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार पुलिया से गिरी, महिला समेत दो की मौत

Advertisements
