24 News Update उदयपुर। जिले के मांडवा थाना क्षेत्र स्थित साबरमती बांध की नदी में डूबे एक युवक का शव सोमवार सुबह नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम ने बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3 बजे एक युवक नदी में डूब गया था, जिसकी सूचना सोमवार सुबह 6:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त हुई।
राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग, उदयपुर के उप-नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर तत्काल रेस्क्यू टीम का गठन कर मौके पर रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुँची टीम ने नदी के गहरे पानी में तलाशी अभियान शुरू किया। लगभग 3 घंटे की मशक्कत और सर्च ऑपरेशन के बाद टीम ने शव को ढूंढ निकाला और मांडवा थाना पुलिस के सुपुर्द किया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय कर्मा पुत्र साजा के रूप में हुई है।
इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन में नागरिक सुरक्षा विभाग के जवान बने सिंह गुर्जर और भवानी शंकर वाल्मीकि की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। रेस्क्यू टीम में वाहन चालक मोहन सिंह राणावत सहित रवि शर्मा, मुकेश सेन और अन्य सदस्य शामिल थे। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
नदी में डूबे युवक का शव बरामद, नागरिक सुरक्षा विभाग ने 3 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाला

Advertisements
