24 News Update चित्तौड़गढ़/भीलवाड़ा। चोरी के संदेह को लेकर की गई कथित मारपीट एक युवक की मौत का कारण बन गई। मामला चित्तौड़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां एक होटल में रोके गए युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी।
मृतक की पहचान मंगरोप निवासी 20 वर्षीय शंकर सिंह के रूप में हुई है, जो भीलवाड़ा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक टायर कंपनी में कार्यरत था। परिजनों का आरोप है कि शंकर को होटल में झूठे चोरी के आरोप में बंधक बनाकर रातभर प्रताड़ित किया गया।
घटना के बाद अस्पताल में पोस्टमॉर्टम को लेकर हालात तनावपूर्ण हो गए। बुधवार देर शाम तक मृतक के परिजन और समाजजन भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर डटे रहे। मुआवजे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर सहमति नहीं बनने से पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका।
गुरुवार सुबह परिजनों ने एक बार फिर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि शंकर को समय पर इलाज नहीं मिलने दिया गया और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजन होटल संचालक सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मृतक के भाई विशाल सिंह की ओर से दी गई रिपोर्ट में बताया गया कि 13 जनवरी को शंकर गंगरार स्थित एक होटल में खाना खाने गया था। इसी दौरान होटल स्टाफ और अन्य लोगों ने उस पर बैटरी व टायर चोरी का आरोप लगाते हुए उसे होटल में ही रोक लिया। आरोप है कि पूरी रात उसके साथ मारपीट की गई।
सुबह परिजनों को सूचना मिलने पर वे होटल पहुंचे, जहां से शंकर को ले जाने में भी कथित तौर पर बाधा डाली गई। किसी तरह उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि शंकर के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।
मामले की सूचना पर गंगरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी श्यामाराम ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।
परिजनों और समाज के लोगों ने मृतक के परिवार को 21 लाख रुपए मुआवजा देने, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि शंकर परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और मांगें पूरी होने तक शव नहीं उठाया जाएगा।
चोरी के शक ने ली एक और जान: होटल में रोककर पिटाई, इलाज से पहले टूटा 20 वर्षीय युवक का दम

Advertisements
