उदयपुर, 26 सितंबर। विश्व पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर सरकारी विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उदयपुर के पर्यटन और आतिथ्य उद्योग की वास्तविक दुनिया से रूबरू कराने की पहल की गई। सैंडीज ट्रेवल टेल्स और होटल राफेल्स के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुपड़ी के विद्यार्थियों के लिए विशेष भ्रमण आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने होटल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली देखी, आतिथ्य क्षेत्र की बारीकियां समझीं और गेम जोन में मनोरंजक गतिविधियों का आनंद भी लिया। होटल पहुंचने पर प्रबंधन की ओर से हेना किशोर, रविन्द्र धामी और रिपेंदर कंबोज ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। इसके बाद उन्हें होटल के विभिन्न विभागों का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने जाना कि एक बड़े होटल के संचालन में फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, फूड एंड बेवरेज, प्रबंधन और अन्य विभाग किस तरह आपसी समन्वय से काम करते हैं। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने होटल की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से सवाल भी किए। आधुनिक सुविधाओं और होटल के कामकाज को नजदीक से देखने का अनुभव विद्यार्थियों के लिए नया और उत्साहपूर्ण रहा। गेम जोन में सीख के साथ मस्ती आयोजन में विद्यार्थियों के मनोरंजन का भी खास ध्यान रखा गया। सैंडीज ट्रेवल टेल्स के संदीप राठौड़ ने बताया कि विद्यार्थियों को गेम जोन ले जाया गया, जहां होटल प्रबंधन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनके साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। खेलों के दौरान विद्यार्थियों ने टीम भावना, सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का अनुभव किया। पर्यटन उद्योग में करियर के रास्तों की जानकारी कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा विद्यार्थियों को पर्यटन और होटल उद्योग में उपलब्ध रोजगार एवं करियर विकल्पों से परिचित कराना रहा। होटल प्रबंधन की ओर से हेना किशोर ने विद्यार्थियों को बताया कि होटल इंडस्ट्री में होटल प्रबंधन, फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, फूड एंड बेवरेज, शेफ और इवेंट मैनेजमेंट सहित कई क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि इस क्षेत्र में शैक्षणिक योग्यता के साथ संवाद कौशल, व्यवहार-कुशलता, अनुशासन, टीमवर्क और अतिथि सत्कार की भावना भी महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को उदयपुर की पर्यटन पहचान से जोड़ने की कोशिश होटल राफेल्स के रिपेंदर कंबोज ने कहा कि झीलों, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक विरासत के कारण उदयपुर की देश-दुनिया में अलग पहचान है। शहर का होटल और आतिथ्य उद्योग भी पर्यटन के साथ तेजी से विकसित हुआ है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं को करीब से समझने का अवसर मिलता है और वे भविष्य में अपनी रुचि के अनुसार इस क्षेत्र को करियर विकल्प के तौर पर देख सकते हैं। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुपड़ी के प्रधानाचार्य कमल जोशी ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह भ्रमण सीख, अनुभव और मनोरंजन का अनूठा संयोजन रहा। प्रतिष्ठित होटल की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखने से विद्यार्थियों के ज्ञान और अनुभव का दायरा बढ़ा। पुलिस मुख्यालय के अतिरिक्त निदेशक (प्रचार) डॉ. कमलेश शर्मा ने कहा कि पर्यटन केवल पर्यटकों को आकर्षित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर भी पैदा करता है। विश्व पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर हुई यह पहल विद्यार्थियों को पर्यटन को केवल देखने के बजाय उसे समझने का अवसर देने वाली रही। कार्यक्रम में प्रस्तर शिल्पकार हेमंत जोशी, क्राफ्ट आर्टिस्ट नीलोफर मुनीर, विक्रम, जसमीत अरोड़ा, प्रीतेश कोठारी, विशेष और भौमिक सहित विद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे। होटल राफेल्स की ओर से सभी विद्यार्थियों को उपहार भी दिए गए। कार्यक्रम का आभार सैंडीज ट्रेवल टेल्स के संदीप राठौड़ ने जताया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation पंचायत चुनाव में माकपा बढ़ाएगी सियासी ताकत, सात जिला परिषद सीटों पर लड़ने का ऐलान बिंदुमाधव जोशी की पुण्यतिथि पर ग्राहक पंचायत ने दी श्रद्धांजलि