उदयपुर, 26 सितंबर। आगामी पंचायत चुनाव को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने उदयपुर जिले में संगठन को मजबूत करने और अधिक सीटों पर चुनाव मैदान में उतरने की रणनीति तय की है। पार्टी कार्यालय में दल्लाराम लऊर की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य सचिव मंडल सदस्य एवं उदयपुर पार्टी प्रभारी दुलीचंद मीणा ने कहा कि माकपा पंचायत चुनाव में अपनी ताकत बढ़ाने के साथ भाजपा को चुनौती देने के लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। दुलीचंद मीणा ने बैठक में आदिवासी क्षेत्रों से जुड़े रोजगार, वन अधिकार, मनरेगा, शिक्षा, चिकित्सा और राशन जैसे मुद्दों को प्रमुख बताते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी क्षेत्रों में विकास और रोजगार की स्थिति संतोषजनक नहीं है तथा आदिवासियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीतियां उनके हित में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उदयपुर जिले में माकपा की संगठनात्मक ताकत सीमित होने के बावजूद पार्टी आम जनता और आदिवासी अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार आंदोलन करती रही है। उन्होंने कांग्रेस पर भी विपक्ष की प्रभावी भूमिका नहीं निभाने का आरोप लगाते हुए कहा कि माकपा और वामपंथी दल खुद को भाजपा के राजनीतिक विकल्प के रूप में मजबूत करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव में मजबूती से भागीदारी करने का आह्वान किया। बैठक में हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव में उदयपुर के वार्ड नंबर 32 से माकपा उम्मीदवार की लगातार सातवीं जीत का भी उल्लेख किया गया और इसे पार्टी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। जिले के पार्टी सह प्रभारी विमल भगोरा ने भाजपा पर चुनावों में अनुचित तरीके अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने संगठन और जनसंघर्ष को मजबूत करने की चुनौती है। उन्होंने माकपा के उदयपुर जिले में रहे पुराने संगठनात्मक आधार और संघर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। जिला सचिव राजेश सिंघवी ने पिछली बैठक के बाद जिले में पार्टी तथा जनसंगठनों की गतिविधियों और आंदोलनों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि नगर निगम के वार्ड नंबर 32 में माकपा की लगातार सातवीं जीत पार्टी के प्रति मतदाताओं के समर्थन को दर्शाती है। सिंघवी ने बताया कि माकपा आगामी पंचायत चुनाव में उदयपुर जिले की 7 जिला परिषद सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा झाड़ोल, फलासिया, गोगुंदा, सायरा, कोटड़ा, गिरवा और ऋषभदेव पंचायत समितियों में भी पार्टी उम्मीदवार उतारे जाएंगे। बैठक में प्रभुलाल भगोरा, गुमान सिंह राव, प्रेम पारगी, जगदीश पारगी, हीरालाल सालवी, गणपति देवी, हाकरचंद खराड़ी, श्रवण, प्रताप सिंह देवड़ा, कमलाशंकर, पूर्व सरपंच लातूराम तथा निवर्तमान सरपंच शंकरलाल पारगी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अध्यक्षता करते हुए दल्लाराम लऊर ने कार्यकर्ताओं से आम जनता के मुद्दों और संघर्षों से सक्रिय रूप से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करते हुए जनसंघर्ष के साथ चुनावी मैदान में भी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation सृजन शोध संस्थान की पहल, 80 विद्यार्थियों को बांटे बैग और पानी की बोतल