24 News Updae उदयपुर। प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर वॉश नष्ट किया और कई स्थानों पर अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया। साथ ही विभिन्न मामलों में अभियोग दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
यह अभियान 1 से 15 मई 2026 तक आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत और अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार शर्मा के सुपरविजन में टीमें प्रदेशभर में नाकाबंदी, गश्त और दबिश की कार्रवाई कर रही हैं।
जिलों में कार्रवाई का ब्यौरा
बांसवाड़ा जिले में आबकारी थाना क्षेत्र बांसवाड़ा और कुशलगढ़ में दबिश के दौरान करीब 2000 लीटर वॉश नष्ट किया गया और 42 बोतल अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 100 लीटर वॉश और एक चालू भट्टी को नष्ट किया गया तथा 10 बोतल अवैध शराब बरामद कर मामला दर्ज किया गया।
हनुमानगढ़ के अमरपुरा थेड़ी-ढालिया क्षेत्र में मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल पर ले जाई जा रही 55 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
ब्यावर जिले में आबकारी टीम ने 200 लीटर वॉश नष्ट कर 27 बोतल अवैध हथकड़ शराब बरामद की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्रवाई जारी
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। प्रदेश के सभी जिलों में आबकारी टीमें लगातार गश्त, नाकाबंदी और दबिश देकर कार्रवाई कर रही हैं।

