Site icon 24 News Update

प्रदेशभर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, हजारों लीटर वॉश और भट्टियां नष्ट

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर वॉश नष्ट किया और कई अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया है। अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में दबिश, नाकाबंदी और सघन गश्त कर अवैध मदिरा निर्माण, परिवहन और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष निरोधात्मक अभियान में जीरो टोलरेंस नीति अपनाई गई है। विभाग की निरोधक टीमों ने अन्य राज्यों से शराब तस्करी और हथकड़ शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की।
अजमेर के भगवानगंज स्थित संवेदनशील सांसी बस्ती क्षेत्र में आबकारी दल ने दबिश देकर चालू भट्टी और उपकरण जब्त किए। यहां 500 लीटर उत्तेजित वॉश नष्ट करने के साथ दो पुरानी भट्टियों को भी ध्वस्त किया गया।
वहीं डीग जिले के गोपालगढ़, सतवाड़ी, सीकरी और अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 2600 लीटर वॉश और तीन भट्टियां नष्ट की गईं। मौके से 10 लीटर हथकड़ शराब भी जब्त हुई।
दौसा के महवा क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान छह कार्टन में भरी 288 पव्वे देशी शराब जब्त की गई। जोधपुर में ईपीएफ थाना सरदारपुरा क्षेत्र में तीन अभियोग दर्ज कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
धौलपुर में आबकारी टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि नागौर के परबतसर, नावां और डीडवाना क्षेत्रों में 700 लीटर वॉश नष्ट कर 20 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई। यहां पांच मामले दर्ज किए गए।
इसी तरह सिरोही के आबूरोड क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 150 लीटर वॉश, अवैध शराब, भट्टी उपकरण और आरएमएल की बोतलें जब्त की गईं। जयपुर ग्रामीण के चाकसू क्षेत्र में आबकारी टीम ने 5 हजार लीटर वॉश और 10 अवैध भट्टियां नष्ट करते हुए 150 लीटर हथकड़ शराब बरामद की।
श्रीगंगानगर और अनूपगढ़ क्षेत्र में एक हजार लीटर वॉश तथा दो भट्टियां नष्ट की गईं, जबकि भीलवाड़ा के मांडलगढ़ और शाहपुरा क्षेत्रों में मोटरसाइकिल से परिवहन की जा रही 136 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेशभर में एक मई को चलाए गए अभियान के दौरान कुल 92 प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई में 22 हजार 280 लीटर वॉश नष्ट किया गया, तीन दुपहिया वाहन जब्त किए गए और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version