24 न्यूज अपडेट, श्रीमाधोपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को आक्रोशित कर दिया है। श्रीमाधोपुर में मुस्लिम समाज ने आज अनूठा संदेश देते हुए एक निकाह समारोह को आतंकवाद के खिलाफ आवाज बुलंद करने का माध्यम बना दिया। खटोड़ा बाजार में आयोजित इस निकाह में, पाकिस्तान मुर्दाबाद और आतंकवाद विरोधी नारे गूंजे, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया।
शिरीन और सानिया नामक दो बहनों का निकाह कार्यक्रम आज आयोजित हुआ था, जिनकी बारात सांगानेर और जोधपुर से आई थी। निकाह से पहले मुस्लिम समाज के लोगों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा। इसके पश्चात उपस्थितजनों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखाते हुए जोरदार नारे लगाए — ‘आतंकवाद मुर्दाबाद’, ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से माहौल गूंज उठा।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की राज्य स्तरीय सतर्कता समिति के सदस्य मोहम्मद अयूब खान फुलेरा ने इस अवसर पर कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता और मुस्लिम समाज हर प्रकार के आतंकवाद की कड़ी निंदा करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानवता के खिलाफ इस तरह के घृणित कृत्यों के लिए किसी सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है।
मुस्लिम समाज के वरिष्ठ सदस्य शब्बीर लुहार ने जानकारी दी कि आज शाम मुख्य बाजार स्थित मस्जिद के सामने कैंडल जलाकर आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस श्रद्धांजलि सभा में नईमुद्दीन, सुबराती, शौकत, शफी हाजी जोधपुर, अयूब खान, पप्पू मणियार समेत समाज के कई गणमान्य लोग सम्मिलित होंगे।
श्रीमाधोपुर रहा पूरी तरह बंद, हिंदू संगठनों ने निकाली आक्रोश रैली
इस बीच श्रीमाधोपुर शहर में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल सहित अन्य संगठनों के आह्वान पर पूर्ण बंद रहा। कपड़ा, जनरल स्टोर, फुटवियर, रेडीमेड, मोबाइल और फल-सब्जी के व्यापारियों ने भी बंद का समर्थन किया। केवल मेडिकल और आपातकालीन सेवाओं को खुला रखा गया। बाजारों में चाय-पान की दुकानें भी नहीं खुलीं। पुलिस बल ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की।
बंद के दौरान विश्व हिंदू परिषद ने एक जन आक्रोश रैली भी निकाली, जिसमें पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ जोरदार नारे लगाए गए। विहिप के जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार शर्मा, प्रखंड अध्यक्ष एडवोकेट अमित ठठेरा और बजरंग दल के जिला संयोजक रवि प्रजापत ने बताया कि शाम को चौपड़ बाजार में सर्व हिन्दू समाज श्रद्धांजलि सभा आयोजित करेगा।

