Site icon 24 News Update

जोधपुर मेडिकल हॉस्टल में मिली डॉक्टर की लाश से सनसनी: दो दिन से बंद कमरे में पड़ी रही बॉडी

Advertisements

24 News Update जोधपुर | जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के गर्ल्स हॉस्टल में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कमरे से तेज़ दुर्गंध आने पर पुलिस को बुलाना पड़ा। दरवाजा तोड़ने पर अंदर 31 वर्षीय डॉक्टर कविता वर्मा की दो दिन पुरानी लाश बेड पर पड़ी मिली। डॉ. कविता हाल ही में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर पीजी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। वो सवाई माधोपुर की रहने वाली थीं और सरकारी हॉस्टल के रूम नंबर 503 में अकेली रह रही थीं।

लगातार बैक आने से तनाव में थीं डॉक्टर कविता
कविता 2014 बैच की छात्रा थीं। कॉलेज सूत्रों के अनुसार एमबीबीएस के दौरान उन्हें कई बार बैक आए, जिससे डिग्री पूरी करने में 9 साल लग गए। इस देरी और परीक्षा के दबाव से वे डिप्रेशन में थीं, ऐसा प्रारंभिक जांच में सामने आया है।

रविवार को परिजनों से हुई थी आखिरी बातचीत
पुलिस के अनुसार, कविता ने रविवार रात को अपने माता-पिता और भाई से फोन पर बातचीत की थी। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया। मंगलवार रात जब कमरे से बदबू फैलने लगी तो अन्य हॉस्टल डॉक्टरों ने पुलिस को बुलाया।

परिवार को दी गई सूचना, पोस्टमॉर्टम बुधवार को
कविता के पिता एलआईसी में अकाउंट्स ऑफिसर हैं। पुलिस ने मंगलवार देर रात परिजनों को सूचना दी, जो बुधवार सुबह जोधपुर पहुंचेंगे। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है—मौत आत्महत्या है या कोई और कारण, इसका खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Exit mobile version