24 News Update बहरोड़ (अनंतपुरा)। राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र के गांव अनंतपुरा निवासी डॉ. भावना यादव (25) की हरियाणा में निर्मम हत्या कर दी गई। भावना को पेट पर धारदार हथियार से गोदने के बाद जिंदा जलाया गया। गंभीर हालत में हिसार के सोनी हॉस्पिटल में भर्ती भावना ने 24 अप्रैल की रात जयपुर के एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। भावना यादव, जो फिलीपींस से एमबीबीएस कर लौटी थीं, दिल्ली में DEMS संस्थान से MCI परीक्षा (FMGE) की तैयारी कर रही थीं। वह ऑनलाइन क्लासेज के साथ प्रत्येक सप्ताह दिल्ली जाकर वीकली टेस्ट देती थीं। 21 अप्रैल को भी वह टेस्ट देने दिल्ली गई थीं और छोटी बहन के पास रुकी थीं, जो दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी कर रही है। 24 अप्रैल को भावना की मां गायत्री यादव (सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल) को उदेश यादव नामक युवक ने कॉल कर सूचना दी कि भावना जल गई है और हिसार के सोनी हॉस्पिटल में भर्ती है। कुछ समय बाद अस्पताल से वीडियो कॉल भी आया, जिसमें भावना की गंभीर हालत दिखाई गई।
अस्पताल में ड्रेसिंग के दौरान मिले धारदार हथियार से हमले के निशान
परिवार ने बताया कि हिसार के अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट नहीं किया कि भावना को कहां से और किस स्थिति में लाया गया। जयपुर एसएमएस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान भावना के चेहरे, पेट और घुटनों तक का हिस्सा बुरी तरह जला मिला, जबकि सिर के बाल और पीठ सुरक्षित थे। पेट पर धारदार हथियार से हमले के गहरे निशान थे। गायत्री यादव ने जयपुर के एसएमएस थाना पुलिस में उदेश यादव के खिलाफ हत्या का शक जताते हुए जीरो एफआईआर दर्ज करवाई, जिसे बाद में हिसार के सिविल लाइन थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है। परिजनों ने बताया कि भावना के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब हैं। भावना ने आखिरी बार 23 अप्रैल को मां से फोन पर बात कर कहा था कि 24 अप्रैल की सुबह घर लौट आएंगी, लेकिन वह घर नहीं पहुंचीं।
परिवार ने हत्या को सुनियोजित साजिश बताया
गायत्री यादव ने बेटी की मौत को एक सुनियोजित साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि भावना की मौत दुर्घटना नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या है। हिसार पुलिस ने केस की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
दिल्ली टेस्ट देने गई राजस्थान की डॉक्टर की हरियाणा में निर्मम हत्या: पेट पर धारदार हथियार से हमला कर जलाया, जयपुर में तोड़ा दम

Advertisements
