Site icon 24 News Update

नाकाबंदी में स्कॉर्पियो रोकी, खुला शराब तस्करी का खेल: 46 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त, गुजरात के 2 तस्कर गिरफ्तार

Advertisements

उदयपुर। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में पाटिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन से 46 कार्टून अंग्रेजी शराब जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करीब 9 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी ऋषभदेव राजीव राहर के सुपरविजन में थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह राव के नेतृत्व में टीम ने 17 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर गांव कनबई के नला रोड तिराहे पर नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा स्कॉर्पियो (नंबर GJ18BB3206) को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 35 कार्टून बीयर और 11 कार्टून विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब मिली, कुल 46 कार्टून अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही वाहन सहित शराब जब्त कर चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपए और वाहन की कीमत करीब 7 लाख रुपए आंकी गई है। इस प्रकार कुल 9 लाख रुपए का माल मशरूका जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटारा पंकज कुमार (30) निवासी चुणाखण, थाना भिलोडा, जिला अरवल्ली (गुजरात) और विक्की कुमार शिवाजी खराडी (33) निवासी चितरिया, थाना चिठौड़ा, जिला साबरकांठा (गुजरात) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे थे।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह राव के साथ उपनिरीक्षक वाहिद हुसैन, हेड कांस्टेबल वालचंद और विरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल सोहनलाल, दिलीप कुमार, कैलाश, रणजीत, प्रेमपाल (चालक), महेन्द्र, महेन्द्र सिंह और अक्षय की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version