Site icon 24 News Update

अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, 33 कार्टून अंग्रेजी शराब व कम्पास जीप जब्त, सरकारी वाहन को टक्कर मारकर भागा तस्कर, पीछा कर दबोचा

Advertisements

24 News Update उदयपुर। अवैध शराब परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना खेरवाड़ा ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब से भरी एक कम्पास जीप को जब्त करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 24 लाख रुपये कीमत का माल मशरूका जब्त किया है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा श्रीमती अंजना सुखवाल एवं वृत्ताधिकारी वृत ऋषभदेव श्री राजीव राहर के सुपरविजन में की गई। पूरी टीम का नेतृत्व थानाधिकारी खेरवाड़ा श्री दलपत सिंह राठौड़ ने किया।

मुखबिर की सूचना से खुला मामला
पुलिस के अनुसार 18 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सिल्वर रंग की कम्पास जीप (नंबर GJ 03 LB 2540) नेशनल हाईवे-48 से होते हुए खाण्डीओबरी–करनाउवा रोड के रास्ते खेरवाड़ा की ओर आ रही है, जो अवैध अंग्रेजी शराब गुजरात की ओर तस्करी के लिए ले जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने उक्त मार्ग पर नाकाबंदी शुरू की। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कम्पास जीप आती हुई नजर आई। पुलिस द्वारा हाथ देकर रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिस के सरकारी बोलेरो वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण कम्पास जीप का एक टायर फट गया, जिससे वाहन कुछ दूरी पर जाकर रुक गया।

भागने की कोशिश, लेकिन पुलिस ने दबोचा
वाहन रुकते ही चालक गेट खोलकर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कार में अंग्रेजी शराब भरी होना स्वीकार किया, लेकिन अनुज्ञापत्र व लाइसेंस के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने जीप को मौके से प्राइवेट वाहन की सहायता से थाना परिसर पहुंचाया। गहन तलाशी लेने पर वाहन में विभिन्न ब्रांड की 33 कार्टून राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब भरी हुई पाई गई।

अहमदाबाद ले जाई जा रही थी शराब
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह शराब उदयपुर से अहमदाबाद की ओर अवैध रूप से ले जाई जा रही थी। बिना लाइसेंस शराब का परिवहन करना आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत दंडनीय अपराध पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया तथा शराब और वाहन को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया।

जब्त माल की कीमत
अवैध अंग्रेजी शराब (33 कार्टून): लगभग 4 लाख रुपये, कम्पास जीप की अनुमानित कीमत: 20 लाख रुपये, कुल जब्ती: करीब 24 लाख रुपये

गिरफ्तार आरोपी
दिपक पिता मानजी,
निवासी – डगार, थाना झल्लारा, जिला सलुम्बर।

पुलिस टीम
श्री दलपत सिंह – थानाधिकारी, खेरवाड़ा
श्री राकेश मेहता – सहायक उप निरीक्षक
श्री दानवीर सिंह – हैड कांस्टेबल
श्री भंवर सिंह – कांस्टेबल
श्री मनिन्दर – कांस्टेबल
श्री भरत – कांस्टेबल
श्री अजय – कांस्टेबल
श्री अंशुल – चालक कांस्टेबल
श्री कुलदीप – हैड कांस्टेबल, साइबर सेल उदयपुर

Exit mobile version