24 News Update सलूम्बर। शहर के नागदा बाजार में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से कपड़े की दुकान और मकान में भारी नुकसान हुआ। हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। वहीं घर के रसोईघर में रखा गैस सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया, जिससे आसपास के मकानों में दरारें आ गईं।
जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक कपड़े की दुकान में आग लग गई, जो देखते ही देखते मकान तक फैल गई। इसी दौरान रसोई में रखा गैस सिलेंडर भी फट गया, जिससे आग और विकराल हो गई।
सिलेंडर ब्लास्ट की तेज आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर राहत कार्य शुरू करवाया।
नगर परिषद की दमकल के साथ एएसआई मनोहर सिंह, कांस्टेबल अशोक बिश्नोई व अन्य कार्मिकों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही डिप्टी हेरम्भ जोशी, तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा, थाना अधिकारी मनीष खोईवाल समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
हालांकि बड़ी घटना टल गई लेकिन आग से कपड़ों का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
घटना के कारणों की जांच जारी है।

