Site icon 24 News Update

जन आक्रोश रैली के लिए उदयपुर से लाल काफिला रवाना, 300 से अधिक कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे

Advertisements

24 News Update उदयपुर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (माकपा) की प्रस्तावित जन आक्रोश रैली को लेकर उदयपुर और डूंगरपुर से पार्टी कार्यकर्ताओं का जत्था दिल्ली के लिए रवाना हुआ। पार्टी के अनुसार 24 मार्च को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली में शामिल होने के लिए 300 से अधिक कार्यकर्ता चेतक एक्सप्रेस और मेवाड़ एक्सप्रेस से प्रस्थान कर चुके हैं।
माकपा जिला सचिव राजेश सिंघवी ने बताया कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, निजीकरण और साम्प्रदायिकता जैसे मुद्दों के खिलाफ यह रैली आयोजित की जा रही है। इसके लिए पार्टी ने देशभर में जन आक्रोश जत्थों के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।
उन्होंने बताया कि उदयपुर और डूंगरपुर में केंद्रीय नेतृत्व से अमराराम और बृंदा करात ने आमजन से संपर्क किया, वहीं चित्तौड़गढ़, राजसमंद और प्रतापगढ़ जिलों में राज्य स्तर के नेताओं ने गांव-गांव जाकर लोगों को रैली में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
रैली में श्रमिकों, किसानों और आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें लेबर कोड वापस लेने, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपए करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, स्कीम वर्कर्स को स्थायी करने, पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने, महंगाई पर नियंत्रण, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम घटाने, सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण पर रोक, एमएसपी की गारंटी, बिजली संशोधन बिल वापस लेने, मनरेगा में कार्य दिवस और मजदूरी बढ़ाने सहित कई मांगें शामिल हैं। पार्टी के अनुसार रैली को महासचिव एम. ए. बेबी सहित अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।

Exit mobile version