उदयपुर। भारतीय नौसेना की 12 वाहनों की भव्य कार रैली को शुक्रवार को फतहसागर पाल से संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पश्चिमी नौसेना कमान के आउटरीच कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई, जो उदयपुर के लिए गर्व का क्षण रहा।
भारतीय नौसेना के 33 कर्मियों द्वारा संचालित यह रैली मुंबई स्थित नौसेना डॉकयार्ड की साहसिक उपलब्धियों और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है।
जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल के अनुसार, यह रैली 21 दिनों में मुंबई से शिमला और फिर वापस मुंबई तक 5000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करेगी। इसका उद्देश्य नौसेना और नागरिकों के बीच संबंधों को और मजबूत करना तथा सेवा, समर्पण और साहस की कहानियों को जनता तक पहुंचाना है।
आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत 15 नवम्बर को लगभग 500 विद्यार्थियों के लिए विशेष सत्र आयोजित किया गया जिसमें युवाओं को भारतीय नौसेना में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया। प्रथम राज नेवल यूनिट के कैडेटों ने तिरंगा लेकर रैली की शान बढ़ाई।
कार्यक्रम में कमांडेंट कमांडर शकील अहमद, क्षेत्रीय खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे। रैली कमोडोर अनुज भल्ला के निर्देशन में आगे बढ़ रही है।

