24 News Update उदयपुर। “युद्धरत देशों की सेनाओं में सबसे पहले मजदूरों और किसानों के बेटे ही बलि चढ़ते हैं। हथियारों की होड़ के कारण सैन्य बजट बढ़ता है और जनकल्याणकारी योजनाओं में कटौती की जाती है, जिससे आम जनता प्रभावित होती है। इससे स्पष्ट है कि युद्ध का चरित्र मूलतः मानवता और पर्यावरण विरोधी है।” ये विचार हिरोशिमा दिवस पर आयोजित रैली और जिला कलेक्ट्री के बाहर संपन्न आमसभा में व्यक्त किए गए। इस अवसर पर साझा मंच के संयोजक मन्नाराम डांगी ने फिलिस्तीन में हो रहे नरसंहार की निंदा करते हुए कहा कि वहां की जनता को राहत पहुंचाई जाए और सभी युद्धों का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाए। उन्होंने अमेरिका को वैश्विक युद्धों के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार बताया और परमाणु हथियारों के समूल नाश के साथ-साथ पाँच परमाणु संपन्न राष्ट्रों से वीटो अधिकार समाप्त करने की मांग की।सभा में एपवा की फरहत बानो ने गाज़ा में महिलाओं और बच्चों की हत्या को मानवता के खिलाफ अपराध बताया। विश्व मानव कल्याण संघ के राष्ट्रीय संयोजक रामदयाल मीणा ने हिरोशिमा और नागासाकी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परमाणु निरस्त्रीकरण पर बल दिया। एक्टू के सौरभ नरूका ने कहा कि युद्ध साम्राज्यवादी पूंजी के संसाधन-लूट के अंतर्विरोध का परिणाम है, जबकि जनवादी मजदूर यूनियन के जयंतीलाल मीणा ने अमेरिका-इज़राइल गठजोड़ को मध्य एशिया की खनिज संपदा पर कब्जे का जिम्मेदार ठहराया।भाकपा के हिम्मत चांगवाल ने सभी सरकारों को कॉरपोरेट पूंजी के गुलाम बताते हुए इज़राइल और अमेरिका विरोधी आंदोलनों का समर्थन किया। वरिष्ठ पत्रकार हिम्मत सेठ ने मुख्यधारा के वैश्विक मीडिया को युद्ध समर्थक बताया और कहा कि भारतीय मीडिया भी असल खबरें जनता से छिपाता है। सभा में एडवोकेट मोहम्मद शरीफ छिपा, भगवती मीणा, एडवोकेट सिद्दीकी, रामचंद्र सालवी, कुसुम मेघवाल, प्यारा भाई आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए, जबकि मुस्ताक चंचल ने युद्ध-विरोधी कविता का पाठ किया। सभा का संचालन डी.एस. पालीवाल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन गुलाब नूर पठान ने अदा किया। हिरोशिमा दिवस की स्मृति में नगर के नागरिकों, जन संगठनों और बुद्धिजीवियों ने विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण और न्यायपूर्ण व्यवस्था के लिए रैली निकाली। शहीद स्मारक टाउन हॉल से प्रारंभ हुई रैली में महिलाएं ‘युद्ध नहीं, स्थायी शांति चाहिए’, ‘विनाश नहीं, जनविकास चाहिए’ तथा ‘गाज़ा के लोगों का नरसंहार बंद करो’ जैसे बैनर लेकर आगे चल रही थीं। रैली में ‘रोको रोको युद्ध रोको’, ‘हथियारों के सौदागर मुर्दाबाद’, ‘अमेरिका-इज़राइल मुर्दाबाद’ जैसे नारे गूंजते रहे। प्रतिभागी दो-दो की कतार में हाथों में तख्तियां लेकर शांतिपूर्वक मार्च करते रहे। रैली में सेवा मंदिर के अजय एस. मेहता, पर्यावरणविद नंदकिशोर शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर कटियार, भाकपा (माले) के शंकर लाल चौधरी, एडवोकेट सुभाष श्रीमाली, हेमेंद्र चंडालिया, डी.सी. मेघवाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली सूरजपोल, बापूबाज़ार, दिल्ली गेट होते हुए कलेक्ट्री तक पहुंची और वहां जोरदार नारेबाजी के साथ यह आमसभा में तब्दील हो गई। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ की चोरी और मिलावट का पर्दाफाश, भीण्डर पुलिस व डीएसटी टीम की संयुक्त कार्रवाई, तीन आरोपी डिटेन, टैंकर व पिकअप जब्त अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधकर शोषण मुक्त समाज की कामना की