24 News Update उदयपुर देहात। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सलूंबर में आयोजित जीएसटी संवाद और जनसंपर्क कार्यक्रम में कहा कि नए जीएसटी सुधारों से आम जनता विशेष रूप से किसान, व्यापारी, महिलाएं, युवा, गरीब और मध्यम वर्ग लाभान्वित होंगे। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 12 लाख रुपये तक की आय पर आयकर में छूट प्रदान करना कांग्रेस के सोच से परे है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जीएसटी रिफॉर्म के खिलाफ गलत प्रचार करना उनके मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है।
कार्यक्रम में जोरदार स्वागत:
प्रातः 11:30 बजे डाक बंगले पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत जेसीबी से पुष्प वर्षा, ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं से किया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें मेवाड़ी पाग, उपराणा और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
सलूंबर विधानसभा, जिला एवं मंडलों की ओर से विभिन्न पदाधिकारियों ने हाड़ी रानी की तस्वीर और पार्टी प्रतीक चिन्ह भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। वहीं सलूंबर खाद्य एवं किराना व्यापार संघ, चैंबर ऑफ कॉमर्स, बार एसोसिएशन समेत कई संगठनों ने जीएसटी रिफॉर्म पर प्रधानमंत्री मोदी के नाम धन्यवाद ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने व्यापारियों के साथ जन संपर्क किया, दुकानों पर जीएसटी रिफॉर्म, स्वदेशी उत्पाद और आत्मनिर्भर भारत के स्टिकर भी लगाए। इस अवसर पर जिला और मंडल स्तर के कई भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और व्यापारिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। भाजपा उदयपुर देहात के जिलाध्यक्ष ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इस कार्यक्रम की जानकारी साझा की।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.