Site icon 24 News Update

निजी अस्पतालों में अग्निशमन मॉक ड्रिल आयोजित, कर्मचारियों को आपात स्थिति से निपटने की दी गई ट्रेनिंग

Advertisements

24 News Update उदयपुर। शहर के प्रमुख निजी अस्पतालों में शुक्रवार को आग जैसी आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए नगर निगम उदयपुर के अग्निशमन विभाग की ओर से प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास (मॉक ड्रिल) आयोजित की गई। इस दौरान अस्पतालों के फायर फाइटिंग सिस्टम का परीक्षण किया गया तथा कर्मचारियों को आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षा उपायों के संबंध में जानकारी दी गई।
जिला कलक्टर एवं नगर निगम प्रशासक नमित मेहता तथा आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देशानुसार, उप निदेशक (क्षेत्रीय) स्थानीय निकाय विनोद कुमार के सानिध्य में यह मॉक ड्रिल आयोजित हुई।
सुबह 11 बजे गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, तथा दोपहर 2 बजे पैसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, उमरड़ा और पैसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, भीलों का बेदला में अग्निशमन अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल का नेतृत्व मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने किया, जबकि सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा एवं टीम ने कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान अस्पतालों में आग लगने पर मरीजों को सुरक्षित निकालने का डेमो भी किया गया।
अस्पताल स्टाफ ने फायर ब्रिगेड टीम की देखरेख में फायर एक्सटिंग्विशर, हाइड्रेंट सिस्टम व अलार्म उपकरणों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया और आपातकालीन निकासी प्रक्रिया (Evacuation Drill) का अभ्यास किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी चौधरी ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य अस्पतालों की सुरक्षा प्रणाली को सुदृढ़ बनाना तथा आग जैसी आकस्मिक स्थिति में मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कर्मचारियों को बताया गया कि आग लगने पर त्वरित प्रतिक्रिया कैसे दें, किस प्रकार फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग करें और किस क्रम में मरीजों की सुरक्षित निकासी करें। उल्लेखनीय है कि अग्निशमन विभाग द्वारा हाल ही में महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय में भी इसी प्रकार की अग्निशमन मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी, जिससे अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Exit mobile version