24 News Update उदयपुर। राष्ट्रीय अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को शहर में भावपूर्ण माहौल के बीच किया गया। इस दौरान अग्निशमन विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए अग्निवीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उनके साहस और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम में निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, डीडीआर विनोद कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी तथा स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह का उद्देश्य केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि आमजन में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, कार्यालयों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से रखें और उनके उपयोग की जानकारी भी सुनिश्चित करें। आयुक्त ने इस दौरान महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि शहर में जल्द ही तीन नए फायर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे तथा अग्निशमन बेड़े में अत्याधुनिक उपकरण शामिल किए जाएंगे, जिससे आपात स्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई संभव हो सके। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के दौरान आगामी सात दिनों तक शहर के विभिन्न स्थानों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत महाविद्यालयों, शॉपिंग मॉल, बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, ताकि आपातकालीन स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकासी और प्राथमिक बचाव के उपायों की व्यवहारिक जानकारी मिल सके। उन्होंने जानकारी दी कि सेंट पॉल स्कूल, मैरिएट होटल, जेके पारस हॉस्पिटल, ईएसआईसी हॉस्पिटल तथा महाराणा भोपाल हॉस्पिटल सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में शहीद अग्निशमन कार्मिकों को पुनः श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा फायर वाहनों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप बग्गा ने किया। उन्होंने बताया कि सप्ताह के समापन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूरे सप्ताह की गतिविधियों की समीक्षा के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रीय अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ: अग्निवीरों को श्रद्धांजलि, शहर में बनेंगे नए फायर स्टेशन

Advertisements
