Site icon 24 News Update

रामेश्वर महादेव के जयकारों के साथ तीर्थ यात्रा”- वरिष्ठ नागरिकों की ट्रेन उदयपुर से रवाना

Advertisements

उदयपुर, 22 मार्च। प्रदेश सरकार की वरिष्ठ नागरिक निःशुल्क तीर्थ यात्रा योजना 2025 के तहत रविवार को वरिष्ठ नागरिकों की विशेष ट्रेन डूंगरपुर से रवाना होकर उदयपुर के राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन पहुंची और यहां से रामेश्वरम्–मदुरई के लिए उत्साह और उमंग के साथ प्रस्थान किया। यात्रियों ने “रामेश्वर महादेव” के जयकारों के साथ यात्रा की शुरुआत की।

देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन गांधी के अनुसार, यह ट्रेन डूंगरपुर से सुबह 10 बजे 352 वरिष्ठ नागरिकों को लेकर चली और 11:45 बजे उदयपुर पहुंची। यहां से उदयपुर के 326, राजसमंद के 33, प्रतापगढ़ के 141, सलूंबर के 50 और चित्तौड़गढ़ के 61 वरिष्ठ नागरिक सवार हुए। इस प्रकार कुल 611 यात्रियों ने उदयपुर से यात्रा में भाग लिया।

राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन पर निरीक्षक रमेश जैन, प्रबंधक सुमित्रा सिंह और नितिन नागर के नेतृत्व में देवस्थान विभाग की टीम ने आवेदन पत्रों की जांच कर टिकट आवंटन की प्रक्रिया पूरी की।

यह ट्रेन 24 मार्च को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु रामेश्वरम धाम के दर्शन करेंगे। इसके बाद यात्रियों को मीनाक्षी मंदिर में दर्शन करवाए जाएंगे। ट्रेन 29 मार्च को पुनः उदयपुर और डूंगरपुर लौटेगी।

इस यात्रा में कुल 970 यात्री शामिल हैं, जिनके साथ एक ट्रेन प्रभारी राजपत्रित अधिकारी, मेडिकल टीम, अनुरक्षक और करीब 30 स्टाफ भी मौजूद है। राज्य सरकार द्वारा यात्रियों को ट्रेन में चाय-नाश्ता, भोजन, आवास और दर्शन सहित सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस बार विशेष बात यह है कि पहली बार सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए एसी ट्रेन की व्यवस्था की गई है, जबकि पूर्व में नॉन-एसी ट्रेन संचालित होती थी। ट्रेन प्रभारी के रूप में लक्ष्मण सिंह शक्तावत को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सहायक आयुक्त जतिन गांधी ने बताया कि यह इस वित्तीय वर्ष में उदयपुर संभाग से रवाना होने वाली अंतिम ट्रेन है। अब वर्ष 2026 के लिए नए ऑनलाइन आवेदन शीघ्र ही आमंत्रित किए जाएंगे।

Exit mobile version