24 News Update उदयपुर। मेवाड़ की धार्मिक यात्रा पर निकली एक महिला पर्यटक के लिए सोमवार दोपहर सड़क ही मौत का मैदान बन गई। बड़गांव थाना क्षेत्र में गोगुंदा–पिंडवाड़ा हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पार कर रही महिला को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई और सड़क पर करीब 50 मीटर तक शरीर के अवशेष बिखर गए।
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी अनिता यादव (55) पत्नी ब्रज मोहन यादव के रूप में हुई है। वह अपनी बेटी निधि उर्फ निकिता के साथ मेवाड़ के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आई थीं। सोमवार को घसियार स्थित श्रीनाथजी के दर्शन के बाद वे सड़क पार कर रही थीं, तभी सामने से आए बेकाबू ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद जो दृश्य सामने आया, उसने वहां मौजूद हर शख्स को झकझोर दिया। मां को कुचला देख बेटी बदहवास हालत में दौड़कर मौके पर पहुंची और शव से लिपटकर रोने लगी। हाईवे पर गूंजती “मम्मी… मम्मी…” की पुकार ने पूरे माहौल को सन्न कर दिया। सूचना मिलते ही बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर शव को एमबी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। थानाधिकारी किताब देवी ने बताया कि ट्रेलर चालक हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेलर गुजरात नंबर का था, ऑरेंज रंग का और उसमें कोयला भरा हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि फरार ट्रेलर और चालक का पता लगाया जा सके। बताया गया है कि अनिता यादव अपनी बेटी और ग्रुप के अन्य सदस्यों के साथ तीन दिन पहले ही उदयपुर पहुंची थीं। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर करता है। तीर्थ और पर्यटन के लिए पहचाने जाने वाले उदयपुर में सड़क सुरक्षा के दावों पर भी इस घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—जहां दर्शन की उम्मीद लेकर आई एक मां, बेटी की आंखों के सामने हमेशा के लिए खामोश हो गई।
तीर्थ यात्रा मातम में बदली: हाईवे पर ट्रेलर ने महिला पर्यटक को कुचला

Advertisements
