मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी सोशल मीडिया कमेंट को लेकर नाराजगी, कार्रवाई की मांग पर अड़े वकील उदयपुर। शहर में दो अधिवक्ताओं के साथ मारपीट और इसके बाद सोशल मीडिया पर वकीलों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना के विरोध में गुरुवार को बार एसोसिएशन के आह्वान पर उदयपुर के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। बड़ी संख्या में वकील कोर्ट परिसर में एकत्र हुए और घटना के विरोध में प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना है कि मारपीट की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही सोशल मीडिया पर वकीलों को लेकर कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के मामले में कार्रवाई होने तक आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। बर्थडे पार्टी की बुकिंग कराने पहुंचे थे दोनों अधिवक्ता मामला सवीना थाना क्षेत्र के सेक्टर-11 स्थित चस्का बार एंड रेस्टोरेंट का है। देर रात फतहनगर-सनवाड़ा निवासी अधिवक्ता अनिल मीणा और सेक्टर-14 निवासी अधिवक्ता निलेश वहां बर्थडे पार्टी की बुकिंग कराने पहुंचे थे। इसी दौरान पास में मौजूद कुछ युवक तेज आवाज में बातचीत कर रहे थे। अधिवक्ताओं ने आवाज कम रखने के लिए कहा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने दोनों अधिवक्ताओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान फ्राइपेन से भी हमला किया गया। हमले में अनिल मीणा के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि निलेश भी घायल हुए। गंभीर स्थिति में अनिल मीणा को एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद बार एसोसिएशन अध्यक्ष जितेंद्र जैन समेत कई अधिवक्ता अस्पताल पहुंचे। इसके बाद सवीना थाने में घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाया मामला मारपीट की घटना के बाद सोशल मीडिया पर अधिवक्ताओं के खिलाफ कथित अभद्र और आपत्तिजनक कमेंट सामने आने से वकीलों में नाराजगी और बढ़ गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणी केवल उदयपुर के वकीलों का अपमान नहीं है, बल्कि इससे प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में रोष पैदा हुआ है। बार एसोसिएशन की ओर से मांग की गई कि सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और आवश्यक होने पर उनकी गिरफ्तारी भी की जाए। इसी मांग को लेकर गुरुवार को अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से दूरी बनाई और कोर्ट परिसर में प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने बार पदाधिकारियों से की बातचीत स्थिति की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी उमेश ओझा, डीएसपी छवि शर्मा सहित पुलिस के अन्य अधिकारी कोर्ट परिसर पहुंचे। अधिकारियों ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट की। पुलिस की ओर से अधिवक्ताओं को बताया गया कि मारपीट के मामले में आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है। इसके बाद मारपीट की घटना को लेकर स्थिति कुछ शांत हुई, लेकिन सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणियों को लेकर अधिवक्ताओं का आक्रोश बरकरार रहा। अधिवक्ताओं ने पुलिस अधिकारियों के सामने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग रखी। साथ ही यह भी कहा कि भविष्य में अधिवक्ताओं के साथ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। मामले को लेकर भूपालपुरा थाने में भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation वाह रे निर्वाचन विभाग!!! वोट के लिए शतायु वोटरों को बूथ तक रड़काया, अब सम्मान के लिए घर पहुंचेंगे बेड़वास की लक्ष्मी नगर कॉलोनी में तड़के दिखा लेपर्ड, कुत्तों के भौंकने पर झाड़ियों में छिपा