24 News Update उदयपुर। बांसवाड़ा निवासी डॉ. मोहित मछार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में चिकित्सक समुदाय में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर गुरुवार को Doctors Welfare Federation – Rajasthan के बैनर तले चिकित्सकों और समाज के प्रतिनिधियों ने उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि डॉ. मोहित मछार 15 अप्रैल 2026 को प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट क्षेत्र के ग्राम बोरी में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे, जहां से वे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। बाद में उनका शव एक कुएं में मिलने से पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। इस घटना ने परिजनों के साथ-साथ चिकित्सक समुदाय को भी झकझोर दिया है।
इस अवसर पर Doctors Welfare Federation के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. विकास बामनिया ने कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर है और इससे चिकित्सकों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) से करवाई जाए, ताकि पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जांच समयबद्ध हो, सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक के परिजनों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग भी उठाई गई।
चिकित्सक समुदाय ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
डॉ. मोहित मछार की संदिग्ध मौत पर बढ़ा आक्रोश, निष्पक्ष जांच के लिए IG को सौंपा ज्ञापन

Advertisements
