24 News Update उदयपुर। जिले में एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला प्रतापनगर थाना क्षेत्र के बेडवास का है, जहां 2 अप्रैल को भावना कुंवर की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए थे। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि मृतका भावना कुंवर, पत्नी हेमेन्द्र सिंह राजपूत, निवासी बेडवास, की ससुराल में संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद मृतका के पिता केसर सिंह राठौड़, निवासी मंदेरिया, थाना डबोक, ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए मौत पर संदेह जताया।
प्रकरण में मर्ग संख्या 13/2026 दर्ज कर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां प्रकरण संख्या 01/2026 के तहत धारा 196 बीएनएसएस में जांच शुरू की गई। इस जांच का जिम्मा एसडीएम गिर्वा, आईएएस अधिकारी अबुला साईकृष्णा को सौंपा गया। जांच के दौरान मृतका के पिता सहित पीहर पक्ष के अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। सभी ने भावना कुंवर की मौत को संदिग्ध बताते हुए गंभीर आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 अप्रैल को मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञों के बयान भी दर्ज किए गए। मेडिकल बोर्ड ने अपनी प्राथमिक राय में मृत्यु को संदिग्ध माना। इसके बाद एसडीएम गिर्वा द्वारा जांच रिपोर्ट और न्यायालय की पत्रावली 10 अप्रैल को थाना प्रतापनगर भेजी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 215/26 में धारा 80(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा के निर्देशन में वृताधिकारी नगर पूर्व सूर्यवीर सिंह राठौड़ ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमेन्द्र सिंह (22), निवासी तलाई बेडवास, को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। भावना कुंवर की मौत आखिर हादसा थी या साजिश—इसका सच अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।
भावना कुंवर मौत मामले में पति हेमेन्द्र गिरफ्तार

Advertisements
